कराटे के लिए एनसीसी छोड़ी, डरबन में हुए कॉमनवेल्थ में जीता कांस्य पदक
दक्षिण अफ्रीका के डरबन में आयोजित कराटे कॉमनवेल्थ में हल्द्वानी की बेटी ने कांस्य पदक जीता है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : दक्षिण अफ्रीका के डरबन में आयोजित कराटे कॉमनवेल्थ में कांस्य पदक जीतकर लौटी कंचना पंत का शहर में स्वागत किया गया। ममता एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित समारोह में कंचना को बुके देकर सम्मानित किया गया।
बिठौरिया नंबर एक निवासी कंचना पंत (21) ने 29 नवंबर से 2 दिसंबर के दौरान आयोजित कॉमनवेल्थ में कांस्य जीतकर उत्तराखंड के साथ देश का मान बढ़ाया था। बातचीत में कंचना ने कहा कराटे उनका जुनून है। इसके लिए उन्होंने एनसीसी छोड़ दी। एमबीपीजी कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहीं कंचना दिल्ली में अनिकेत गुप्ता से प्रशिक्षण ले रही हैं। पिता प्रमोद पंत आर्मी से रिटायर्ड और मां जीवंती पंत गृहणी हैं। कंचना किक बॉक्सिंग के नेशनल में भी स्वर्ण जीत चुकी हैं। 2012 में भूटान में हुए कॉमनवेल्थ गेम में कंचना ने स्वर्ण जीता था। सम्मान समारोह में समिति अध्यक्ष ममता बिष्ट, अनुराग पांडे, बबीता कांडपाल, पूजा नेगी, नेहा बिष्ट, ज्योति पांडे, दीप्ति जोशी, शोभा जोशी, मनीषा जोशी आदि मौजूद रहे। बालिकाओं की फुटबाल स्पर्धा खेल महाकुंभ से आउट
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: खेल महाकुंभ के तहत हल्द्वानी ब्लॉक की खेल स्पर्धाएं 23 से 28 दिसंबर तक आयोजित होंगी। इस बार बालिका वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता नहीं होगी। मंगलवार को हल्द्वानी ब्लॉक सभागार में युवा कल्याण, शिक्षा विभाग व नगर निकाय अधिकारियों की सामूहिक बैठक में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। अंडर-17 व अंडर-19 खेलों के लिए सीधे ब्लॉक स्तर पर प्रवेश होंगे। जबकि अंडर-14 में होने वाली एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी प्रतियोगिता में न्याय पंचायत स्तर से खिलाड़ी चुनकर आएंगे। न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिता 20 दिसंबर को होगी। युवा कल्याण अधिकारी राजदीप पंत ने बताया कि ब्लॉक स्तर की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल स्पर्धाएं पूरन सिंह मोहन सिंह इंटर कॉलेज कुंवरपुर में होंगी। फुटबाल के मुकाबले नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में खेले जाएंगे। बैडमिंटन पीलीकोठी स्थित निजी एकेडमी में होगी। बीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा, कर निरीक्षक भरत त्रिपाठी, स्कूलों के पीटीआइ आदि बैठक में मौजूद रहे।