हल्द्वानी के श्मशान घाट के पास मिली मृत नवजात कन्या, जानकारी जुटा रही पुलिस
मंगलवार तड़के छह बजे नवजात शिशु देखकर मुक्तिधाम के मुंशी भट्ट प्रसाद ने 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी। जानकारी के बाद बनभूलपुरा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : श्मशान घाट के पास पीपल के पेड़ के नीचे एक मृत नवजात को देखकर लोग सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्र की।
मुक्तिधाम राजपुरा श्मशान घाट पर नवजात बच्चे का शव पड़ा मिला। मंगलवार तड़के छह बजे नवजात शिशु देखकर मुक्तिधाम के मुंशी भट्ट प्रसाद ने 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी। जानकारी के बाद बनभूलपुरा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक, उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। नवजात की पहचान एक से दो दिन में जन्मी कन्या के रूप में की गई। जबकि नवजात की मौत के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। पेड़ के नीचे रखने वाले ने उसे किसी कपड़े में भी नहीं लपेटा और खुले तौर पर ही छोड़ दिया। बनभूलपुरा थाना अध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि नवजात की बाईं पसली पर खरोच का निशान है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है।
स्थानीय लोगों से जुटा रहे जानकारी
बनभूलपुरा थाना पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। जिसमें लोगों ने बताया कि नवजात कन्या जवाहर नगर क्षेत्र की हो सकती है। वहीं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। जिससे कन्या के माता-पिता के बारे में पता किया जा सके।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें