मंगोलिया में दिखेगा पिथौरागढ़ की नेहा कसन्याल के पंच का दम nainital news
सीमांत जिले की नेहा कसन्याल एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए मंगोलिया रवाना हो गई हैं। भारत से पांच युवतियों का चयन हुआ है जिसमें नेहा शीर्ष पर हैं।
पिथौरागढ़, जेएनएन : पिथौरागढ़ जिले की नेहा कसन्याल एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए मंगोलिया रवाना हो गई हैं। भारत से इस प्रतियोगिता के लिए पांच युवतियों का चयन हुआ है, जिसमें नेहा शीर्ष पर है। भारत को नेहा के प्रदर्शन से खासी उम्मीदें हैं।
जिला मुख्यालय के नजदीक नैनी-सैनी गांव की रहने वाली नेहा तमाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मंगोलिया के उलानबटोर में आठ से 18 नवंबर तक होने वाली एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। नेहा भारतीय टीम के कोच भाष्कर भट्ट के साथ मंगोलिया के लिए रवाना हो गई हैं।
नेहा वर्तमान में सांई एक्सटेंशन सेंटर देव सिंह मैदान में अपने कोच भाष्कर भट्ट से प्रशिक्षण ले रही हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी ने नेहा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता देश के साथ-साथ सीमांत जिले के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।