लापरवाही : 35 प्राचार्यों के लिए शासन से जारी आदेश नहीं पहुंचा निदेशालय
राज्य के 35 डिग्री कॉलेजों में प्राचार्यों को तैनात करने का आदेश शुक्रवार को भी नहीं जारी हो सका। जबकि, शासन से आदेश जारी कर दिया गया है, लेकिन अभी यह आदेश निदेशालय नहीं पहुंच पाया है।
हल्द्वानी, जेएनएन : राज्य के 35 डिग्री कॉलेजों में प्राचार्यों को तैनात करने का आदेश शुक्रवार को भी नहीं जारी हो सका। जबकि, शासन से आदेश जारी कर दिया गया है, लेकिन अभी यह आदेश निदेशालय नहीं पहुंच पाया है। इसके चलते कॉलेजों में प्राचार्य बनने की योग्यता रखने वाले शिक्षक दिन भर आदेश का इंतजार करते रहे। प्रदेश के 23 स्नातक व 12 स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में प्राचार्य नहीं हैं। इसके लिए दो माह पहले विभागीय प्रोन्नति यानी डीपीसी हो चुकी थी। इसके बाद निकाय चुनाव की आचार संहिता लगने के कारण सूची रोक दी गई। इसके बाद से प्रक्रिया जारी है। अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह की ओर से सूची जारी हो चुकी है। उच्च शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले ही आदेश हुए हैं, लेकिन अभी तक यह आदेश उच्च शिक्षा निदेशालय नहीं पहुंचा है। प्राचार्य बनने वाले शिक्षक शुक्रवार को भी दिन भी सूची का इंतजार करते रहे। निदेशालय से लेकर देहरादून तक फोन करते रहे।
एमबीपीजी कॉलेज में एक साल से नहीं प्राचार्य : एमबीपीजी कॉलेज में एक साल से स्थायी प्राचार्य नहीं है। इसके लिए छात्रनेता कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई पहल नहीं हुई। इसकी वजह से प्रशासनिक व वित्तीय कार्य ठप पड़े हैं। नई परियोजना शुरू नहीं हो पा रही है। इधर, इस कॉलेज में तैनाती के लिए कई प्राचार्य जुटे हुए थे। माना जा रहा है कि कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज में प्राचार्य के लिए उच्च शिक्षा मंत्री की पसंद को ही आधार बनाया गया है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीसी मेलकानी के अनुसार शासन स्तर पर आदेश जारी हो गया है। अलग-अलग आदेश तैयार करना होता है। इसलिए समय लग सकता है। सोमवार तक आदेश मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें : नंबर को लेकर नहीं होगा अब संशय, समूह ग की मेरिट सूची हाेगी ऑनलाइन