नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स पत्रकारों के हक में बुलंद करेगा आवाज, बैठक में हुई इन मुद्दों पर चर्चा
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स-इंडिया की कार्यसमिति की बैठक में पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपने का फैसला लिया गया। चुनाव के लिए प्रदेश संरक्षक ब्रह्म दत्त शर्मा को चुनाव अधिकारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सह चुनाव अधिकारी मनोनीत किया गया।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स-इंडिया की उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपने का फैसला लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जोशी दो वर्ष के कार्यकाल के बाद पद त्याग की इच्छा जताने पर नए चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव के लिए प्रदेश संरक्षक ब्रह्म दत्त शर्मा को चुनाव अधिकारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सह चुनाव अधिकारी मनोनीत किया गया।
नैनीताल क्लब में बैठक में लिया गया निर्णय
- 15 मई को आयोजित प्रदेश सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा कानून लाने की घोषणा को पूरा करने की मांग की जाएगी।
- राज्य में पत्रकारों की मान्यता समिति एवं विज्ञापन समितियों का गठन किए किया जाएगा।
- जिलों में पत्रकार स्थायी समिति की बैठकें नियमानुसार हर तीन माह में की जाएंगी।
- राज्य अतिथि गृहों में उपलब्धता के आधार पर स्थानीय स्तर से ही पत्रकारों के लिए कक्ष आवंटित किया जाए।
- पत्रकारों की मान्यता में 12 हजार रुपए से कम वेतन एवं संपादक, मुद्रक व प्रकाशक होने पर मान्यता न दिए जाने के प्राविधानों पर आपत्ति जताएंगे
- समाचार पोर्टलों की बाढ़ को नियंत्रित किए जाने एवं इसमें फर्जीवाड़े व मनमानी को रोकने की मांग।
सीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
उक्त मुद्दों पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिए जाने के निर्णय भी लिया गया। प्रदेश संरक्षक ब्रह्म दत्त शर्मा ने संगठन के प्रयासों से राज्य में बुजुर्ग पत्रकारों की पेंशन की धनराशि पांच से बढ़ाकर आठ हजार किए जाने का शासनादेश शीघ्र जारी किए जाने का सीएम से आश्वासन मिलने पर हर्ष जताया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम चंद्र कन्नौजिया ने संगठन की राष्ट्रीय इकाई के प्रयासों से देश भर के पत्रकारों को इसी सितंबर माह से फिर से रेलवे में पास की व्यवस्था लागू किए जाने का आश्वासन मिलने की जानकारी दी।
इससे पूर्व पदाधिकारियों का यूनियन की महिला सदस्यों कंचन वर्मा, गुंजन मेहरा व सीमा नाथ ने पारंपरिक परिधानों में तिलक लगाकर स्वागत किया। विधायक सरिता आर्य ने भी उपस्थित होकर पत्रकार हितों के विषयों को संबंधितों के माध्यम से हल कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश महामंत्री सुशील त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय तलवार, उपाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, कोषाध्यक्ष विकास झा, सचिव मनोज लोहनी व एम हसनैन, प्रवक्ता डॉ. जफर सैफी, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष दिनेश जोशी, महामंत्री भगवान सिंह गंगोला, नैनीताल जिलाध्यक्ष डॉ. नवीन जोशी, महामंत्री नवीन पालीवाल, ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष कमल श्रीवास्तव, अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष सतीश जोशी, हरिद्वार के राहुल वर्मा, पिथौरागढ़ के सुशील खत्री, नैनीताल नगर अध्यक्ष अफजल हुसैन ‘फौजी, संगठन मंत्री राजू पांडे आदि मौजूद थे।