विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनीताल में पर्यटक उमड़े तो फिर लगा जाम, इन टूरिस्ट स्पाॅट पर लगी भीड़

Published: Wed, 17 Jun 2026 11:28 AM (IST)

नैनीताल में पर्यटन सीजन के चरम पर होने से भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे शहर में वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

माल रोड पर लगा जाम। जागरण

माल रोड पर लगा जाम। जागरण

HighLights

  1. नैनीताल में 6 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे

  2. पार्किंग फुल होने पर एंट्री प्वाइंट पर वाहन रोके

  3. मालरोड पर जाम में फंसी एंबुलेंस को रास्ता दिया

जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर में पर्यटन सीजन चरम पर है। वीकेंड बीतने के बाद भी पर्यटकों की आमद बनी हुई है।

वाहनों का दबाव बढ़ने व भीतरी पार्किंग स्थल फुल होने के कारण पर्यटक वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर ही रोक दिया गया। दिनभर में करीब डेढ़ हजार वाहनों से छह हजार से अधिक पर्यटक नगर सैर को पहुंचे।

शहर में मंगलवार को भी भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे। यहां पर्यटकों ने चिड़ियाघर, केव गार्डन, बॉटनिकल गार्डन, हिमालय दर्शन, स्नोव्यू, वाटरफॉल समेत अन्य पर्यटन स्थलों में जमकर सैर सपाटा किया।

नैनी झील में नौकायन करने वाले पर्यटकों का तांता लगा रहा। शाम को भारी संख्या में पर्यटक मालरोड की सैर करते नजर आए। कारोबारियों का मानना है कि इस माह अंत तक पर्यटकों की आमद बनी रहेगी। अगले माह के बाद कारोबार में गिरावट आने लगेगी।

एंट्री प्वाइंट पर रोके वाहन, जाम में फंसी एंबुलेंस

शहर में सुबह ही पार्किंग स्थल फुल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने विशेष यातायात प्लान लागू करते हुए पर्यटक वाहनों को रूसी व नारायण नगर में रोक दिया। जहां से शटल सेवा से पर्यटकों को शहर भेजा गया। हालांकि पार्किंग वाले होटलों में एडवांस बुकिंग कर आने वाले पर्यटकों को शहर में एंट्री मिलती रही।

देर शाम वाहनों का दबाव बढ़ने से मालरोड में लंबा जाम लगा रहा। जिसमें 108 भी फंस गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाने हुए किसी तरह जाम खोल एंबुलेंस को रास्ता दिया।

यह भी पढ़ें- पर्यटन सीजन शुरू होते ही उत्तराखंड के इस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़, ट्रेनें पैक