औसतन बारिश और बर्फवारी न होने से नैनी झील के जलस्तर में लगातार गिरावट
इस वर्ष अभी तक औसतन बारिश और बर्फवारी न होने से झील के जलस्तर में लगातार गिरावट आ रही है। अभी तक छह फिट की गिरावट दर्ज की गई है।
नैनीताल, जेएनएन : इस वर्ष अभी तक औसतन बारिश और बर्फवारी न होने से झील के जलस्तर में लगातार गिरावट आ रही है। अभी तक छह फिट की गिरावट दर्ज की गई है। इधर, दूसरी ओर पेयजल सप्लाई में कटौती करने के बाद कुछ सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। यदि 24 घंटे सप्लाई का नियम समाप्त नहीं किया गया होता तो अभी तक यह गिरावट दस फिट से ज्यादा जा चुकी होती।
झील में जल स्तर में रिकार्ड कमी आने के बाद पिछले साल से शहर में 24 घंटे पानी की आपूर्ति का नियम खत्म कर सुबह शाम तीन-तीन घंटे सप्लाई व्यवस्था लागू की गई। इसके अब सकारात्मक नतीजे निकलने लगे हैं। पिछले तीन साल के झील नियंत्रण कक्ष की 16 जनवरी की रिपोर्ट जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग के अनुसार सुखद मानी जा सकती है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मदन मोहन जोशी के अनुसार 2017 में 16 जनवरी को जलस्तर सामान्य से एक फिट अधिक जबकि पिछले साल चार फिट और इस साल सामान्य से छह फिट अधिक है। 12 फिट जलस्तर के बाद ही निकासी द्वार खुलते हैं। पिछले साल झील भरने के बाद निकासी द्वार खोले गए थे। यहां बता दें कि पहले जल संस्थान द्वारा शहर में सात हजार से अधिक पेयजल उपभोक्ताओं को 24 घंटे 18 से 18 एमएलडी पानी की सप्लाई की जाती थी, अब कटौती के बाद सप्लाई आठ एमएलडी की गई है। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने माना कि शहर में पेयजल कटौती के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कहा कि झील संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें : बेतालघाट ब्लॉक में बदली तस्वीर, एक हजार लड़कों पर 1298 बेटियां
यह भी पढ़ें : संयुक्त चिकित्सालय में पीपीपी मोड से बनने वाले आइसीयू पर फिलहाल रोक