अब टोल फ्री नंबर पर दर्ज होंगी नगर पालिका की शिकायतें
शहरवासियों को पालिका का टोल फ्री नंबर जल्द दिया जाएगा।
नैनीताल, जेएनएन : शहरवासियों को पालिका का टोल फ्री नंबर जल्द दिया जाएगा। इससे शहरवासियों की पालिका से संबंधित शिकायतों का घर बैठे समाधान होगा। यही नहीं पालिका क्षेत्र में विकास कार्यो में सीधे आम जन को सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। दरअसल, निकाय चुनाव में कांग्रेस ने घोषणा पत्र में बंदर-लंगूर व आवारा कुत्तों से निजात दिलाने के साथ ही टोल फ्री नंबर जारी करने का वादा भी किया था। जनता ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में विश्वास कर कांग्रेस प्रत्याशी सचिन नेगी को पालिकाध्यक्ष पद पर जीत दिलाई। अब वादों को निभाने की चुनौती है।
पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी शपथ लेने के बाद साफ कर चुके हैं कि हर वादा संकल्प समझकर पूरा किया जाएगा। पालिका ईओ रोहिताश शर्मा ने बताया कि जल्दी ही पालिका का टोल फ्री नंबर जारी कर दिया जाएगा। जो फरवरी माह में हर हाल में काम करने लगेगा। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष से भी विचार विमर्श के बाद हरी झंडी मिल चुकी है। ईओ ने कहा कि टोल फ्री नंबर के लिए तकनीकी अर्हता पूरी की जा रही हैं।
अब हर वार्ड में होगा घर-घर कूड़ा कलेक्शन : नगरपालिका ने अब हर घर में जैविक-अजैविक कूड़ा कलक्शन की योजना बनाई है। पालिका ने तीन हजार घरों के लिए छह हजार डस्टबिन खरीदने की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बाद पालिका द्वारा बड़े डस्टबिन खरीदे जाएंगे। जिसके टेंडर शनिवार को खुलेंगे। शुक्रवार को पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी की मौजूदगी में दस लीटर के डस्टबिन खरीदने की टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। ऑनलाइन चार टेंडर जमा किए गए थे, जिसमें न्यूनतम 270 रुपये जोड़ा का टेंडर आशीष खंडेलवाल काशीपुर के नाम छूटा। इस अवसर पर पालिका ईओ रोहिताश शर्मा, लोनिवि एई तारा सिंह, कोषाधिकारी मामुर जहां, एकाउंटेंट राहुल सिंह, प्रमोद कुमार आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : हल्द्वानी में आइएसबीटी बनने से पहले कर दिया जमीन पर अतिक्रमण