मां गई थी चाय देने, कमरे में फंदे से लटकता मिला बेटा, काम न होने से रहता था अवसाद में nainital news
अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने फांसी लगा ली। परिजन उसे गंभीर अवस्था में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
काशीपुर, जेएनएन : महज 22 साल की उम्र में बेरोजगारी के कारण खुदकुशी की घटना बेशक डराने वाली है। मामला है काशीपुर का। जहां सुबह मां अपने बेटे को कमरे में चाय देने गई थी और कमरा खोलकर देखा तो वह फंदे से लटककर खुदकुशी कर चुका था। अप्रत्याशित घटना से घर में चीखपुकार मच गया। बताया जा रहा है कि डंपर चालक युवक पिछले काफी दिनों से काम न मिलने के अभाव में अवसाद में था।
ग्राम ब्रह्मनगर निवासी विनोद कुमार (22) पुत्र ब्रह्मपाल सिंह डंपर चालक था, लेकिन कुछ समय से कुछ नहीं कर रहा था। शनिवार को विनोद घर पर था। रात करीब नौ बजे विनोद खाना खाकर दो मंजिले पर अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार की सुबह करीब सात बजे उसकी मां ओमवती देवी चाय देने के लिए गई। दरवाजा खोलकर जब अंदर देखा तो उसके होश उड़ गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। परिजन विनोद को लेकर सरकारी अस्पताल में पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बड़े भाई और तीन बहनों की शादी हो चुकी है। छोटी बहन अविवाहित है। जानकारी के अनुसार, मृतक के परिवार की आॢथक स्थिति सही नहीं है। माता-पिता भी गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। खनन कार्य बंद होने के कारण मृतक काफी समय से खाली था। मृतक के अवसाद में रहने की चर्चा थी।