बाइकर से लिफ्ट मांगी, छेड़छाड़ पर कूइ गई छात्रा, अब अस्पताल में जूझ रही मौत से
गरमपानी में एक छात्रा को लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। चालक के छेड़खानी करने पर वह बाइक से कूद गई।
संवाद सूत्र, गरमपानी : लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाएं दिन ब दिन बढ़ती जा रही हैं। अब एक छात्रा के साथ कुछ ऐसा हो गया है जिससे उसके जान पर बन आई है। अनजान युवक के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रही 12वीं की छात्रा को महंगा पड़ गया। छेड़छाड़ होने पर वह चलती बाइक से कूद पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले सीएचसी लाया गया, जहां से उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
जीआइसी खैरना में 12वीं की छात्रा मंगलवार को छुट्टी के बाद घर जा रही थी। तभी खैरना से अल्मोड़ा की ओर जा रहा बाइक सवार उसके पास आकर रुका और खुद ही छात्रा को लिफ्ट देने लगा। छात्रा युवक पर भरोसा कर बाइक पर बैठ गई। कुछ दूर जाने के बाद बाइक सवार ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर छात्रा चलती बाइक से कूद पड़ी। चलती बाइक से कूदने से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। यह देख आरोपित फरार हो गया। छात्रा को सड़क पर पड़ा देख आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जुट गए और बेहोशी की हालत में उसे सीएचसी गरमपानी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपित रामगढ़ ब्लॉक के ढोकाने का रहने वाला है। पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। वहीं छात्रा भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। मामला संज्ञान में नहीं
चौकी इंचार्ज, खैरना देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलेगी तो मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।