India China Tension: चीन सीमा पर भारतीय सेना और अर्द्धसैनिक बलों का जमावड़ा, चीन की हरकत पर पैनी नजर
संबंधों में कड़वाहट बढऩे पर नेपाल-चीन सीमा पर भारत लगातार सतर्कता बढ़ाता जा रहा है। चीन सीमा पर भारत ने सेना और अर्द्धसैनिक बलों का जमावड़ा बढ़ा दिया है।
धारचूला (पिथौरागढ़), जेएनएन : संबंधों में कड़वाहट बढऩे पर नेपाल-चीन सीमा पर भारत लगातार सतर्कता बढ़ाता जा रहा है। चीन सीमा पर भारत ने सेना और अर्द्धसैनिक बलों का जमावड़ा बढ़ा दिया है तो नेपाल सीमा पर वॉच टावरों से एसएसबी ने निगरानी शुरू कर दी है। हालांकि दोनों सीमाओं पर शांति है, लेकिन सुरक्षा के इंजताम पुख्ता किए जा रहे हैं।
भारत के प्रति नेपाल के लगातार सुर बदलते जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि नेपाल भारत से सटी सीमा पर गुंजी के सामने काव्वा क्षेत्र में बीओपी की तैयारी कर रहा है। यहां सीमा पर नेपाल सशस्त्र बल के जवान नियमित गश्त लगा रहे हैं। इसके अलावा नेपाल चीन सीमा से लगे तिंकर में कस्टम कार्यालय की भूमि पर भी बीओपी चौकी बनाने जा रहा है। काठमांडू की मीडिया में दो दिन पूर्व कहा है कि नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल का गश्ती दल कालापानी सीमा के नाका नंबर एक पिलर तक पहुंच चुका है। छांगरु में बीओपी पोस्ट की स्थापना के बाद निरीक्षक लिली चंद के नेतृत्व में एटीएफ फोर्स नाका तक गश्त लगा रही है। काठमांडू मीडिया में कहा लगातार कहा जा रहा है कि एक नंबर पीलर से लिपूलेख की दूरी सात किमी है। यह क्षेत्र भारत के कब्जे में है, इस क्षेत्र में भारत ने सड़क का निर्माण किया है।
कंम्युनिस्टों ने लगाया चीन के दवाब में काम करने का आरोप
नेपाल में कालापानी विवाद को तवज्जो नहीं मिल रही है। आम नेपाली नागरिक इससे दूरी बना रहा है। नेपाल में ही कम्युनिस्ट पार्टी का एक गुट इसके विरोध में है। नेपाली सूत्रों के अनुसार कम्युनिस्ट पार्टी के इस गुट ने सरकार पर नेपाल के चीन सीमा से लगे गोर्खा क्षेत्र में चीन द्वारा कब्जाई गई भूमि पर कुछ नहीं बोलने का आरोप लगाया है। इस गुट का कहना है कि चीन द्वारा हथियाई गई जमीन से ध्यान बंटाने के लिए कालापानी विवाद को जन्म दिया जा रहा है और भारत के साथ संबंध खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। इस गुट का कहना है कि भारत के साथ संबंध खराब नहीं होने चाहिए।
बार्डर पर नजर रखे है भारत
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला के उपजिलाधिकारी एके शुक्ल का कहना है कि नेपाल सीमा पर वॉच-टावरों से एसएसबी के जवान नेपाल की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। चीन सीमा पर भी हम बहुत मजबूत हैं, सेना और अर्द्धसैनिक बल के जवानों की सतर्कता बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें : पोकलेन लदे ट्राला के भार से गिरा पुल पांच दिन में तैयार, 70 मजदूरों की मेहनत लाई रंग