सेंचुरी समेत तमाम संस्थाओं ने किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंचुरी पेपर मिल के मंगलधाम स्थित प्रागण में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवाद सहयोगी लालकुआं: विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंचुरी पेपर मिल के मंगलधाम स्थित प्रागण में औषधीय, छायादार, शोभादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान मिल के सीईओ जेपी नारायण ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए सभी लोगों को निरंतर प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने बताया सेंचुरी पेपर मिल उत्तराखंड समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण को स्वच्छ रखने में महती भूमिका निभा रही है। इस मौके पर मिल के सीएओ विजय धीमान, प्रोसेस हेड पीयूष मित्तल, इंजीनियरिग हेड अनिल सेतिया, हेड स्टोर एंड पर्चेज देवाशीष दानू, संजय कुमार वाजपेयी, नरेश चंद्रा, सुभाष शर्मा, वीके सक्सेना, हेमेंद्र राठौर, अमृत सैनी, राजेश कुमार, अनिल दुबे आदि थे।
इधर तराई पूर्वी वन प्रभाग के डॉली रेंज परिसर में विधायक नवीन दुम्का के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वन विभाग के अधिकारियों ने पौधरोपण किया। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नारायण बिष्ट, महामंत्री राजकुमार सेतिया, विनोद श्रीवास्तव, संजय अरोरा सहित तमाम लोग थे। इधर नैनीताल दुग्ध संघ में सामान्य प्रबंधक अजय क्वीरा के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। नगर पंचायत अध्यक्ष लालचंद सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत कर्मियों ने भी पौधरोपण किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के साथ ही वन विभाग का पौधरोपण अभियान भी शुरू हो गया है। अभियान के तहत अगस्त तक पूरे कुमाऊं मंडल के वन प्रभागों में सात हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधरोपण किया जाएगा। पौधे जिंदा रहें, उनकी देखरेख होती रहे, यह वन विभाग के समक्ष बड़ी चुनौती है। मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं डॉ. विवेक पांडे ने बताया कि कैंपा आदि परियोजना में पिछले तीन साल के पौधरोपण की मॉनीटरिग का भी प्रावधान है।