होटल का मैनेजर ही तीन एलसीडी लेकर फरार हो गया, होटल स्वामी ने दी तहरीर
आवास विकास स्थित एक होटल का मैनेजर तीन एलसीडी लेकर फरार हो गया। इसका पता चलते ही होटल स्वामी ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है।
रुद्रपुर, जेएनएन : आवास विकास स्थित एक होटल का मैनेजर तीन एलसीडी लेकर फरार हो गया। इसका पता चलते ही होटल स्वामी ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। होटल स्वामी का आरोप है कि इससे पहले भी वह 80 हजार की धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आवास विकास निवासी मनजिंदर सिंह का क्राउन टावर नाम से होटल है। मनजिंदर सिंह ने बताया कि होटल में ग्राम छतोला लमगड़ा अल्मोड़ा निवासी रमेश कुमार पुत्र दीवान राम को मैनेजर रखा था। मैनेजर रहते हुए उसने होटल के 80 हजार रुपये हड़प लिए। इसका खुलासा होटल का बहीखाता जांचने पर हुआ। चोरी पकड़े जाने पर उसने नौकरी से न निकाले जाने की विनती की। कहा कि हर माह उसकी तनख्वाह से रुपये काट लिए जाएं। उस पर भरोसा कर मनजिंदर सिंह ने उसे वापस काम पर रख लिया। आरोप है कि कुछ दिन पहले वह दो दिन की छुट्टी लेकर गया। छुटटी खत्म होने पर जब उससे संपर्क किया तो नंबर बंद मिला। इस पर मनजिंदर सिंह को शक हुआ तो होटल के कमरे चेक किए। जहां तीन कमरों में लगी हजारों रुपये कीमत के एलसीडी गायब थी। होटल स्वामी ने पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।