भीमताल में होटल प्रबंधक की दम घुटने से मौत, कमरे से शव बरामद
नगर में होटल प्रबंधक की दम घुटने से मौत हो गई। शव उसके कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।
भीमताल, जेएनएन : नगर में होटल प्रबंधक की दम घुटने से मौत हो गई। शव उसके कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर मार्ग स्थित फिशरमैन लॉज के प्रबंधक चंदन सिंह बिष्ट (32) पुत्र मोती सिंह बिष्ट निवासी दिगोटी मजखाली रानीखेत जनपद अल्मोड़ा का शव उसके कमरे में पड़ा मिला। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस का मानना है कि चंदन की मौत अंगीठी में जले कोयले से दम घुटने से हुई होगी।
चंदन सिंह बिष्ट होटल में पिछले 11 वर्ष से प्रबंधक के पद पर तैनात था। सोमवार की देर सांय साढ़े छह बजे उसने होटल के अन्य कर्मचारियों के साथ रात्रि भोजन के बाद वह होटल के पीछे अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह जब वह होटल मेें नहीं आया तब होटल कर्मचारियों ने उसका दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। मामले की जानकारी होटल स्वामी अनिल अग्रवाल मीरा मार्ग हल्द्वानी और पुलिस भीमताल को दी गई। इस बीच पुलिस की उपस्थिति में कमरे का दरवाजा खोला गया। कमरे में चंदन का शव बिस्तर से गिरा पड़ा मिला। साथ ही मल आदि निकला हुआ था। होटल प्रबंधन अपने निजी वाहन से चंदन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया।
इधर मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई थी। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक, एसआइ मनोहर सिंह, एसआइ अरविंद प्रकाश, केवलानंद पाठक आदि ने मृतक के कमरे का निरीक्षण किया। कमरे में एक रूम ब्लोवर और अंगीठी मिली। अंगीठी में कोयले जले हुए मिले। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया चंदन की मौत अंगीठी में जलाए गए कोयले से निकली गैस हो सकती है। कमरा बहुत छोटा है और उसमें हवा के आने जाने के लिए कोई रोशनदान भी नहीं है। इस संबंध में एसआइ मनोहर सिंह के ने बताया कि मौत का कारण अंगीठी में जले कोयले से निकली गैस से दम घुटने से हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर की गुंडई, स्कूल में घुसकर महिला अभिभावक को दौड़ा दौड़ाकर पीटा
यह भी पढ़ें : नैनीताल में जन्मी और अल्मोड़ा में पली बढ़ी सौम्या ने ब्रिटेन में किया कमाल