होल्यारों ने होली गीत सुनाकर बांधा समा
श्री राम सेवक सभा की ओर से पूस माह के पहले रविवार को पुरुष बैठकी होली की गई। सभा भवन मल्लीताल में होल्यारों ने एक से बढ़कर एक हेाली गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
जासं, नैनीताल : श्री राम सेवक सभा की ओर से पूस माह के पहले रविवार को पुरुष बैठकी होली की गई। सभा भवन मल्लीताल में होल्यारों ने एक से बढ़कर एक होली गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
बैठकी होली गायन की शुरुआत होल्यार नरेश चमियाल ने राग कल्याण में गाइए गणपति जग बंदन.. के साथ की। उसके बाद होल्यार राजा साह ने होली गीत शिवशंकर को ध्यान.., होल्यार सतीश पांडे ने राग काफी में मालिक सीता राम हिरनिया काहे को विचार मन..व माई के मंदिरवा में दीपक वारु.. तथा भव भजन गुण गांउ आदि होली गीत प्रस्तुत किए। इससे पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल व नवीन लाल साह ने दीप प्रज्वलित कर बैठकी होली कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर श्री राम सेवक सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी, उपाध्यक्ष मनोज जोशी, उपसचिव विमल चौधरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, रमेश चंद्र पांडे, वीरेंद्र, राहुल जोशी, प्रवीण साह, भीम सिंह कार्की, अशोक साह, भीम सिंह कार्की आदि लोग मौजूद थे। संचालन डॉ. ललित तिवारी ने किया।
दूसरी ओर, पर्वतीय इलाकों में भी होल्यारों ने धूम मचानी शुरू कर दी है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में बैठकी होली में होल्यारों की जमात देखते ही बनती है। होली पूर्व होली गीतों को सुर-ताल और राग के माध्यम से पेश कर होल्यार वाहवाही लूटते हैं। संगीत पसंद लोग अपने-अपने घरों में बैठकी होली का आयोजन करते हैं। एक के बाद एक ऐसे आयोजनों से रौनक बनी रहती है। संगीत पसंद लोगों के लिए तो ऐसे अवसर खास होते हैं। दो-तीन महीने संगीत की धुन में मस्त रहकर होल्यार एक अलग ही दुनिया में आनंद की हिलारें लेते नजर आते हैं।