nainital weather forecast: चीन सीमा को जोडऩे वाला मार्ग बहा, रविवार को भी भारी बारिश का अलर्ट
शनिवार को कुमाऊं में अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। नैनीताल पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कई जगह पर भारी बारिश से कई सड़कें बंद हो गए हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : दक्षिण पश्चिम मानसून फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को कुमाऊं में अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कई जगह पर भारी बारिश से कई सड़कें बंद हो गए हैं। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कुछ जगह भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
शुक्रवार रात को पिथौरागढ़ जिले की मुनस्यारी में भारी बारिश से क्षति हुई है। एसडीएम कार्यालय की चाहरदीवारी का एक हिस्सा टूट गया। सुरिंगगाड़ में पैदल पुल बह गया है। पुल बहने से उच्च मध्य हिमालय सहित चीन सीमा से लगे गांवों का पैदल संपर्क भंग हो चुका है। भूस्खलन से एक मकान पूरी तरह खतरे में आ गया है। काली और गोरी नदियां उफान पर आ चुकी हैं।
थल-मुनस्यारी मार्ग पांच स्थानों पर और जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग सेराघाट के पास घंटों बंद रहने से दिन भर मुनस्यारी का सम्पर्क भंग रहा। पूरे तहसील क्षेत्र की सभी सड़कें मलबा आने से बंद हो चुकी हैं। पांखू में दाणु-दशौली सड़क का 15 मीटर हिस्सा बह चुका है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर पांच स्थानों पर आया मलबा आया है। जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग सेराघाट के पास बंद हो गया है। बांसबगड़ -कोटा मार्ग में छह दिनों से डेढ़ दर्जन वाहन फंसे हुए हैं।
15 मीटर सड़क बही
थल-पांखू के दाणू से दशौली मार्ग पर 15 मीटर हिस्सा बह गया है। मार्ग बंद होने से दसौली का सम्पर्क कट चुका है। जिले में 14 सड़कें बंद हैं। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। काली नदी धारचूला में 888.70 मीटर में बह रही है। यहां पर चेतावनी लेवल 889 मीटर और खतरे का निशान 890 मीटर है। गोरी नदी जौलजीबी में 605.40 मीटर पर बह रही है यहां पर चेतावनी लेवल 606.10 मीटर है। सरयू नदी घाट में 448.90 मीटर पर बह रही है यहां पर चेतावनी लेवल 452 मीटर है।
यह भी पढ़ें : बेटे को जहर देने वाले पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम, सब्जी में नमक कम होने पर पत्नी से हुआ था विवाद