वीकेंड पर परेशानी : दिल्ली रूट पर बसों का अभाव, मुसाफिर परेशान
एनडीए का पेपर होने के चलते रविवार को रोडवेज स्टेशन पर भारी भीड़ रही। मुसाफिरों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। ऐसे में प्राइवेट वाहन चालकों ने भी खूब कमाई की।
हल्द्वानी, जेएनएन : एनडीए का पेपर होने के चलते रविवार को रोडवेज स्टेशन पर भारी भीड़ रही। मुसाफिरों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। ऐसे में प्राइवेट वाहन चालकों ने भी खूब कमाई की।बरेली में रविवार को एनडीए का पेपर था। हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर सुबह से ही पेपर देने जा रहे विद्यार्थियों की भीड़ जमा होने लगी। बढ़ती भीड़ यात्रियों के साथ-साथ निगम के लिए भी परेशानी बनने लगी। भीड़ का आलम यह था कि बरेली मार्ग पर संचालित होने वाली बसों को यात्रियों की सेवा में लगाने के बाद भी बसें कम पड़ गई। इसे देखते हुए निगम को दिल्ली रूट की बसों को भी बरेली मार्ग पर भेजना पड़ा और छात्रों के लिए की गई व्यवस्था दिल्ली के यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई।
बरेली रूट पर अतिरिक्त बसें भेजने के कारण निगम के पास दिल्ली मार्ग की बसों का अभाव हो गया। बसों की व्यवस्था न होने के कारण रोडवेज स्टेशन पर दिल्ली को जाने वाले यात्रियों की काफी भीड़ इक_ा हो गई। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए निगम के अधिकारी बसों की व्यवस्था में लग गए पहले से ही बसों की कमी का मार झेल रहे परिवहन निगम को इंतजाम में काफी समय लग गया। जिस कारण से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को चिलचिलाती धूप में घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ा।
रवि कापड़ी, हल्द्वानी डिपो इंचार्ज के अनुसार बरेली जाने वाले यात्रियों की काफी भीड़ होने के कारण इस रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन करना पड़ा। जिस कारण दिल्ली रूट की सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं, लेकिन यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जल्द ही बसों की व्यवस्था कर दिल्ली रूट पर रवाना कर दी गई।
यह भी पढ़ें : रोडवेज के सामने ही सड़क पर अवैध स्टैंड, प्रशासन है आंख मूंदे