भारत भ्रमण पर निकले आरएसएस प्रचारक पहुंचे हल्द्वानी, युवाओं की ली टोह
गौरव शुक्रवार शाम हल्द्वानी पहुंचे। शनिवार सुबह केमू स्टेशन स्थित आर्य समाज मंदिर में उन्होंने शहर के युवाओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के बारे में बात की।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : भारत भ्रमण पर निकले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक गौरव शुक्रवार को कुमाऊं पहुंचे। उन्होंने 13 अक्टूबर को मेघालय से भारत यात्रा शुरू की थी। अगले दो वर्ष के दौरान वह देश के विभिन्न जगहों पर पहुंचकर आरएसएस कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। हल्द्वानी बाजार क्षेत्र के पार्षद तन्मय रावत ने बताया कि गौरव शुक्रवार शाम हल्द्वानी पहुंचे। शनिवार सुबह केमू स्टेशन स्थित आर्य समाज मंदिर में उन्होंने शहर के युवाओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के बारे में बात की। कहा कि राष्ट्र निर्माण में देश का युवा अहम भागीदारी निभा सकता है। युवा वो शक्ति हैं जो देश को जिस दिशा में चाहे आगे बढ़ा सकता है।
हल्द्वानी के बाद गौरव पहाड़ की तरफ रवाना हो गए। तन्मय ने बताया कि अगले कुछ दिन प्रचारक नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, गंगोलीहाट आदि जगहों का भ्रमण पर रहेंगे। वापसी में हल्द्वानी लौटने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। यात्रा के जरिये वह लोगों में देशप्रेम बढ़ाने, साधु संतों का जीवन देश को नई दिशा देने में लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हल्द्वानी में रोहित खैरवाल, अजय साह, अनुभव मित्तल, विवेक गुप्ता, दिवाकर, रवि कपिल, गोलू, सोनू, अनिल आदि ने उनका स्वागत किया।