उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव: हल्द्वानी में हाईवे घेरकर रैली में हुड़दंग, 18 नामजद समेत 50 अज्ञात पर FIR
हल्द्वानी में एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान तिकोनिया में निकली एक रैली में हुड़दंग और अराजकता फैलाने के आरोप ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज छात्रसंघ चुनाव के बीच तिकोनिया में रैली के नाम पर कथित हुड़दंग और अराजकता करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।
कोषाध्यक्ष पद प्रत्याशी मुकेश पांडे के समर्थन में निकली रैली में हाईवे घेरकर यातायात बाधित करने, राहगीरों और फड़-रेहड़ी वालों से गालीगलौज व मारपीट करने के आरोप में 18 नामजद समेत 40-50 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह की तहरीर के अनुसार 11 सितंबर को कुछ छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने तिकोनिया, एमबीपीजी कालेज, नैनीताल-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग और ठंडी सड़क पर वाहनों के साथ रैली निकाली। आरोप है कि रैली में शामिल लोग वाहनों पर बड़े-बड़े झंडे लहराते हुए खतरनाक तरीके से जिगजैग वाहन चला रहे थे और जमकर हुड़दंग कर रहे थे।
रैली के दौरान राह चलते लोगों के साथ गालीगलौज और अभद्रता की गई। विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप है। फड़, फेरी, रेहड़ी और ठेली वालों के साथ भी मारपीट की शिकायत सामने आई। आरोप है कि रैली में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को घेर लिया, जिससे आम यातायात के साथ इमरजेंसी वाहनों का आवागमन भी बाधित हुआ। इससे आपात स्थिति में मरीजों और अन्य लोगों के जीवन पर संकट पैदा होने की स्थिति बनी।
एसएसपी की सख्ती पर हुड़दंगियों पर भारी
एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटना में शामिल लोगों की पहचान शुरू की।
सड़क पर हुड़दंग, अराजकता, बलवा, यातायात में बाधा या आमजन में भय पैदा करने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज कत्याल, एसपी सिटी
