भाई ने रील बनाने को लेकर डांटा, आठवीं की छात्रा ने फंदे से लटककर दी जान
मोबाइल पर व्यस्त रहने को लेकर बड़े भाई के टोकने से आहत आठवीं की छात्रा ने फंदे से लटककर जान दे दी।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। बिंदुखत्ता के राजीवनगर में मोबाइल पर व्यस्त रहने को लेकर बड़े भाई के टोकने से आहत आठवीं की छात्रा ने फंदे से लटककर जान दे दी। स्वजन आनन-फानन में उसे हल्द्वानी स्थित डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के वेस्ट राजीवनगर निवासी 14 वर्षीय राशि सक्सेना आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। मंगलवार शाम वह मोबाइल पर व्यस्त थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके बड़े भाई ने उसे हमेशा मोबाइल में लगे रहने को लेकर टोका। इसके बाद मंगलवार रात राशि ने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन उसे तत्काल हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गए, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। बुधवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी। किशोरी की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
