Nainital News : नैनीताल को ग्लोबल टूरिज्म से जोड़ने को योजना तैयार करनी होगी
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कहा कि नैनीताल शहर राज्य के लिए एक धरोहर के रूप में है। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य देश एवं विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है।इसे ग्लोबल ग्लोबल टूरिज्म से जोड़ने आदि पर दीर्घकालिक योजना तैयार करनी होगी।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कहा है कि नैनीताल शहर राज्य के लिए एक धरोहर के रूप में है। यहां नयना देवी का आशीर्वाद व प्राकृतिक सौंदर्य देश एवं विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है। यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि नैनीताल में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के अनुरूप अवस्थापना सुविधाओं में आ रही चुनौतियों से किस तरह निपटा जाए।
उन्होंने कहा कि नैनीताल में पार्किंग सुविधा बढ़ाने, रोड कनेक्टिविटी में सुधार, पीने के पानी की समस्या से निजात दिलाने, अवस्थापना सुविधाओं को बढ़ाने व नैनीताल को ग्लोबल टूरिज्म से जोड़ने आदि पर दीर्घकालिक योजना तैयार करनी होगी। राज्यपाल ने नैनीताल शहर को बेस्ट टूरिस्ट डेस्टीनेशन बनाने के लिए सभी स्टेक होल्डर्स से मास्टर प्लॉन तैयार कर साझा करने की अपील की है, जिससे उनके सुझावों को शहर की बेहतरी के लिए योजना में शामिल किया जा सके। राज्यपाल ने कहा कि पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए मल्टीस्टोरी पार्किंग व ट्राली लगाने का विचार किया जाएगा। उन्होंने पदाधिकारियों से पर्यटन में आधुनिकता व वैल्यू एडिशन जोड़ने का सुझाव दिया।
बुधवार को राजभवन में राज्यपाल ने होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, बोट हाउस क्लब पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पदाधिकारियों ने पर्यटन व्यवसाय के साथ-साथ दैनिक चुनौतियों के बारे में राज्यपाल को अवगत कराया। मुख्य रूप से शहर की पार्किंग क्षमता बढ़ाये जाने, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, नौलों की सफाई, नैनीताल में हेली पोर्ट बनाए जाने व हेली सेवाओं से जोड़ने आदि के बारे में अवगत कराया। शहर में वैडिंग जोन बनाये जाने, श्मशान घाट के लिए जाने वाले रास्ते को ठीक करने, सेलिंग रिगाटा प्रारंभ करने, चिड़ियाघर मार्ग को ठीक करवाने की भी अपेक्षा की।
राज्यपाल ने सभी समस्याओं के लिए उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए कहा कि इसके लिए संबंधित मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के साथ ही विभागों, स्थानीय प्रशासन से वार्ता की जायेगी। शहर में नशाखोरी की प्रवृति को रोकने के लिए हमें सामूहिक रूप से जिम्मेदारी लेते हुए जागरूकता अभियान के साथ-साथ इसमें लिप्त लोगों के विरुद्ध उचित कार्यवाही करने की जाएगी।
सचिव राज्यपाल डॉ.रंजीत सिन्हा ने नैनी झील के मरम्मत कार्यों के लिए आपदा मद में प्रस्ताव प्राप्त होते ही डीपीआर तैयार करवाने को आश्वासन दिया। बैठक में होटल एसोसिएशन उपाध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, सचिव वेद साह, बृज साह, अशोक साह, सीपी भट्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, मां नयना देवी व्यापार मंडल संस्थापक पुनीत टंडन, बोट हाउस क्लब के संयुक्त सचिव सोएब अहमद आदि मौजूद थे।