आपदा राहत मानकों में संशोधन करे सरकार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने आपदा राहत के मानकों को सरल बनाने का भी अनुरोध किया है। मंलवार को इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
जागरण संवाददाता, चम्पावत : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपदा और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने आपदा राहत के मानकों को सरल बनाने का भी अनुरोध किया है। मंलवार को इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भगीरथ भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दिनों अतिवृष्टि से जिले के विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। आवासीय भवनों, सुरक्षा दीवार, शौचालय और गौशाला समेत कृषि योग्य जमीन को नुकसान पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में चल रही आपदा राहत नियमावली में व्यक्तिगत, आंशिक और पूर्ण क्षति होने पर आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है। इससे पीडि़तों और काश्तकारों में निराशा का भाव है। कार्यकर्ताओं ने आपदा राहत मानकों में संशोधन की मांग की है। उहोंने डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें कहा है कि बारिश से किसानों की 90 प्रतिशत फल, सब्जियों और फसलों को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का अधिकारियों के जरिए सर्वे कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में बीडीसी सदस्य उमेश खर्कवाल, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश माहरा, कविराज मौनी, अशोक माहरा और शुभम देव के हस्ताक्षर हैं।
भाजपा सरकार में नहीं लगी विकास की एक भी ईट : हेमेश
टनकपुर : पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हेमेश खर्कवाल ने ग्राम पंचायत ज्ञानखेड़ा एवं ग्राम पंचायत मोहनपुर में चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान क्षेत्र में विकास के नाम पर एक ईट भी नहीं लगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन के दौरान स्वीकृत विकास कार्यों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने एक बार फिर से कांग्रेस को सत्ता में लाने की अपील की।
मोहनपुर की ग्राम प्रधान राधिका चंद की अध्यक्षता एवं ज्ञानखेड़ा के ग्राम प्रधान रवि कुमार के संचालन में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्य न होने से ग्रामीण अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। दोनों ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़ चुके हैं। जनप्रतिनिधि झूठा आश्वासन देकर जनता को बरगला रहे हैं। उप प्रधान दीपक पचौली, उदय सिंह बिष्ट, तेज प्रकाश जोशी, हरीश पंत, पूरन राम आर्य, विमला बिष्ट, सतीश उप्रेती, गंगा भट्ट, सुरेश पंत, ईश्वर चंद, श्याम सिंह बिष्ट, भागीरथी बिष्ट समेत दर्जनों लोग बैठक में मौजूद रहे। विधायक के साथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी, पूर्व सभासद देवेंद्र सिंह, भैरव दत्त जोशी, गिरीश नरियाल, सतीश पांडेय, सुभाष चंद्र आदि कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें