द्वाराहाट के गणेश पाठक ने मास्को में पावर लिफ्टिंग में देश काे दिलाया स्वर्ण पदक nainital news
तहसील के दूरस्थ गांव निरकोट के लाल गणेश चंद्र पाठक ने मॉस्को (रूस) में विश्व पावर लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीत देश का नाम रोशन किया है।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा) जेएनएन : अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट तहसील के दूरस्थ गांव निरकोट के लाल गणेश चंद्र पाठक ने मॉस्को (रूस) में विश्व पावर लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। फाइनल राउंड में उन्होंने कुल 490 किग्रा भार उठाकर 470 किलोग्राम भार उठाने वाले रूस के लुइस एलन को पराजित कर यह उपलब्धि हासिल की। 13 से 15 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत से 40 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। जबकि प्रतियोगिता में 39 देशों के खिलाडिय़ों ने प्रतिभाग किया।
एमटीएनएल दिल्ली से खेलते हैं गणेश
40 वर्षीय गणेश चंद्र पाठक एमटीएनएल दिल्ली से पावर लिफ्टिंग खेलते हैं। इससे पूर्व भी वह कई प्रतियोगिताएं जीत चुके हैं। गत दिनों मॉस्को में वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग कांग्रेस रसिया द्वारा आयोजित विश्व चैंपियनशिप में गणेश ने शानदार प्रदर्शन कर मास्टर कैटेगरी (90 से 100 किग्रा) में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने बैंच प्रेस में 120 किग्रा, डेड लिफ्ट में 190 तथा स्क्वायड में 180 कुल 490 किग्रा भार उठाकर इतिहास रच दिया।
देश के इन राज्यों से खिलाडि़यों ने लिया था हिस्सा
फोन पर हुई बात में गणेश ने बताया कि प्रतियोगिता में उप्र, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक प्रदेशों से कुल 40 सदस्यीय टीम ने प्रतिभाग किया। दिल्ली से वह अकेले भारत्तोलक थे। एमटीएनएल में बतौर लिपिक कार्यरत गणेश बचपन से ही इस खेल से जुड़े हैं। विगत 15 वर्षों से एमटीएनएल के लिए ही खेल रहे हैं। कई प्रतियोगिताएं अपने नाम कीं। लेकिन मॉस्को में जीते स्वर्ण पदक को वह सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं।
यह भी पढ़ें : राजस्थान रायल्स ने बेस प्राइस से चार गुना अधिक दाम में रामनगर के अनुज रावत को खरीदा
यह भी पढ़ें : गरिमा बनी हिमालयी सुपरवीमेन की ब्रांड एंबेसडर, मिलिंद सोमन ने किया नामित