एफटीआइ बना कोविड केयर सेंटर, 15 मरीज भर्ती
बिना लक्षण वाले मरीजों को भर्ती करने के लिए अब वानिकी प्रशिक्षण केंद्र एफटीआइ हल्द्वानी को तैयार कर लिया गाय है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : बिना लक्षण वाले मरीजों को भर्ती करने के लिए अब वानिकी प्रशिक्षण केंद्र एफटीआइ को तैयार कर लिया गया है। बुधवार को वहा पर कोरोना पॉजिटिव पाए गए 15 लोगों को भर्ती किया गया। इसके साथ ही जिले में 15 और मरीज पॉजिटिव मिले हैं। राहत भरी खबर यह है कि एसटीएच से 16 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए हैं।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि 27 मई को महाराष्ट्र से लौटे प्रवासियों में 14 और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को रामनगर में क्वारंटाइन किया गया था। इन्हें एक होटल में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। इसके अलावा मुंबई से लौटा बेतालघाट निवासी एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। इसे नैनीताल में क्वारंटाइन किया गया था। डॉ. पंत ने बताया कि बुधवार को पहले से रामनगर के एक होटल में रखे गए बागेश्वर निवासी कोरोना पॉजिटिव 15 और लोगों को कोविड केयर सेंटर एफटीआइ में भर्ती कर दिया गया है। वहीं मोतीनगर प्रशिक्षण केंद्र में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में 84 से अधिक कोरोना संक्रमित लोग भर्ती हैं। इनमें कोरोना से संबंधित लक्षण नहीं हैं।
----
डिस्चार्ज मरीज सात दिन रहेंगे होम क्वारंटाइन
राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. सीपी भैंसोड़ा ने बताया कि 16 और कोरोना संक्रंमित मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसमें से बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत व ऊधमसिंह नगर का एक-एक, नैनीताल के 12 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इनकी उम्र 18 वर्ष से 59 की है। सभी मरीज सात दिन के लिए होम क्वारंटाइन में रहेंगे। प्राचार्य ने बताया कि अब तक 198 पॉजीटिव रोगी स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। इस समय 20 और रोगी भर्ती हैं। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी, कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. परमजीत सिंह, डॉ. विवेकानंद सत्यवली समेत पूरा स्टाफ मौजूद रहा।