चार लोगों पर हत्या करने के प्रयास का मुकदमा, 18 अप्रैल को रेस्टोरेंट से खींचकर किया था हमला
चार लोगों ने रेस्टोरेंट संचालक पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुखानी निवासी दो ज्ञात व दो अज्ञात के खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : बदला लेने की नीयत से चार लोगों ने रेस्टोरेंट संचालक पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुखानी निवासी दो ज्ञात व दो अज्ञात के खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार मुखानी निवासी रोहित चंद्र भट्ट रेस्टोरेंट्स संचालन का कार्य करते हैं। 18 अप्रैल की रात 10 बजे दिवाकर सिंह गोलू पुत्र नरेंद्र निवासी करायल चतुर सिंह मुखानी व गौरव जोशी निवासी छडायल, नयाबाद वार्ड 43 मुखानी और दो अन्य लोग बुलेट में साइलेंसर मोडिफाइड करवाकर पटाखे की आवाज निकाल रहे थे। ध्वनि प्रदूषण होने पर रेस्टोरेंट्स संचालक रोहित ने इसका विरोध किया। युवक नहीं माने तो आरटीओ चौकी को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बाइक जब्त कर ली। ऐसे में गुस्साए आरोपित दिवाकर सिंह गोलू गौरव जोशी आदि देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
आरोप है कि उसी दिन रात 12:30 बजे चारों फिर से रेस्टोरेंट पर पहुंच गए और संचालक रोहित चंद्र भट्ट को घसीट कर बाहर ले गए। लाठी-डंडे, और तलवार से मारपीट करने लगे। कहने लगे कि तूने मेरी बाइक सीज करवाई है, अब हम तुझे जान से मार देंगे। पीड़ित को मरा हुआ समझकर वह उसे बाहर ही फेंक कर चले गए। कुछ पुलिस वाले रात करीब 1:30 बजे घायल को घर पहुंचा कर गए। जिसके बाद उसे इलाज के लिए 19 अप्रैल को बेस अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष मुखानी सुशील कुमार ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ जान से मारने के प्रयास में धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें