पूर्व सीएम हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं से कहा, व्यक्ति विशेष नहीं कांग्रेस के लिए करें काम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अल्मोड़ा तो पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सल्ट क्षेत्र से कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
मानिला (अल्मोड़ा), जेएनएन : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अल्मोड़ा तो पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सल्ट क्षेत्र से कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि व्यक्ति विशेष के लिए नहीं पार्टी की मजबूती को काम करना होगा। राज्य सरकार की घेराबंदी करते हुए बोले कि कांग्रेस हमेशा पहाड़ के अनुरूप योजनाएं व नीति बनाकर काम करती रही। मगर डबल इंजन की सरकार में सब ठप है। बीस सूत्री कार्यक्रम का लाभ अंतिम गांव तक पहुंच ही नहीं रहा। कार्यकर्ता गांव गांव जाकर सरकार की नाकामी गिनाएं।
पूर्व सीएम हरीश रावत सोमवार को तल्ला मानिला पहुंचे। गायत्री भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक में 2022 की तैयारी में जुटने का आह्वïान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार जैसी कोई चीज नहीं है। इंदिरा गांधी के दौर में बीस सूत्री कार्यक्रम का लाभ गांव गांव तक पहुंचाया गया। उत्तराखंड गठन के बाद कांग्रेस ने जनकल्याण की योजनाओं पर ही काम किया। मगर केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार होने के बावजूद सब कुछ ठप हो गया है।
हरदा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विरोध दर्ज कराएं। गांव गांव जाकर लोगों को भाजपा की नाकामी गिनाएं। उन्होंने ऑनलाइन राशन कार्ड की ऑनलाइन व्यवस्था को गरीब विरोधी करार दिया। कहा कि पहाड़ के अनुरूप योजनाएं व नीतियां बनानी होंगी। तभी विकास होगा। तंज कसा कि त्रिवेंद्र सरकार एक ओर कांग्रेस की योजनाएं रोक रहीं। दूसरी तरफ हमारे ही काम के सहारे आगे बढ़ रही।
विधायक निधि की सड़कों की हो जांच : गंगा
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी गंगा पंचोली ने भाजपा विधायक सुरेंद्र जीना पर आरोप लगाया कि वह केवल अपने कार्यकर्ताओं को लाभ दिलाने के लिए सड़कें कटवा रहे। जबकि बुनियादी सुविधा का लाभ आमजन को मिलना चाहिए। उन्होंने विधायक निधि से कटवाई जा रही सड़कों की जांच की मांग भी उठाई। कहा कि जिन ग्रामीणों की भूमि कट रही उन्हें मुआवजा तक नहीं दिया जा रहा। पीपीपी मोड प्रकरण पर भी उन्होंने विधायक पर झूठ बोल गुमराह करने का आरोप लगाया। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी सोबन सिंह बोरा, ब्लॉक अध्यक्ष शंभू सिंह रावत, जिपं सदस्य निर्मला चौधरी, कुंदन सिंह बिष्टï, अर्जुन सिंह रावत, राजेंद्र रावत, ईश्वर चंद्र, दयाकृष्ण भट्ट, मोहन बंगारी, कैलाश तिवारी, सोनू तिवारी, पुष्कर असवाल आदि मौजूद रहे।