पूर्व सीएम हरीश रावत के बेटे आनंद का वीडियो सांग खूब हो रहा वायरल, युवाओं में भर रहे हौसला
उत्तराखंड में नशे के खिलाफ वृहद स्तर पर अभियान चला चुके पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे आनंद रावत अब युवाओं को अब सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : उत्तराखंड में नशे के खिलाफ वृहद स्तर पर अभियान चला चुके पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे आनंद रावत युवाओं को अब सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने एक वीडियो सांग भी शूट किया है। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। युवा से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई उनके इस काम की सराहना कर रहा है। वीडियो के माध्यम से सेना भर्ती की पूरी प्रक्रिया बताई गई है। वीडियो का अब तक लाखों लोग देख चुके हैं।
आनंद ने लंबे समय तक नशे के खिलाफ अभियान छेडऩे के साथ पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम किया। इसके बाद उन्होंने युवाओं को सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण दिलवाना शुरू कर दिया। आनंद के मुताबिक पिछले चार साल से वह अलग-अलग जगहों पर अभियान चला रहे हैं। इसमें क्षेत्र के रिटायर्ड सैन्यकर्मियों की मदद भी ली जाती है। हाल में उन्होंने एक वीडियो सांग तैयार किया। जिसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा से लेकर अन्य जानकारियों को साझा किया गया है। बताया गया है कि फौजी बनने के लिए भर्ती के कितने चरण होते हैं। किस तरह युवाओं को तैयारी करनी चाहिए। ताकि ऐन मौके पर दिक्कत न आए। आनंद ने गीत को खुद गाया है। जबकि बीच में पवन ऐड़ी का रैप भी शामिल है। रावत इससे पूर्व भी नशे के खिलाफ जागरूकता गीत बना चुके हैं।आनंद रावत कहा मानना है कि पहाड़ का हर युवा सेना का हिस्सा बनना चाहता है। 13-14 साल की उम्र में वह भर्ती का सपना संजोने लगते हैं। वीडियो सांग के जरिये उन्हें भर्ती से जुड़ी जानकारियां दी गई है। प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षण मिल सके। इस काम में लोगों का सहयोग भी मिल रहा है।