नैनीताल में पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू, निकाली गई भव्य शोभायात्रा
नैनीताल में पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू हो गया है। सुबह महिलाओं की कलश यात्रा व स्कूली बच्चों की झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
नैनीताल(जेएनएन)। सरबजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में नैनीताल में पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू हो गया है। आज सुबह महिलाओं की कलश यात्रा और स्कूली बच्चों की झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। सांस्कृतिक झांकी में कुमाऊंनी व बंगाली संस्कृति का मिलन देखने को मिला।
नयना देवी मंदिर से शुरू कलश यात्रा रिक्शा स्टैंड से मल्लीताल बाजार होते हुए फिर से मंदिर पहूंचकर समापन हुआ। नयना देवी मंदिर में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजा है। सुबह से भक्त देवी दर्शन को पहुंचने लगे हैं। दोपहर बाद से संस्कृति विभाग के सहयोग से लोकसंस्कृति पर आधारित कार्यक्रम होंगे जबकि फ्लेट्स में ही करीब ढाई सौ दुकानों का आवंटन किया गया है। शोभा यात्रा में झांकी के साथ ही सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों का बेंड वादन, दुर्गा बनी बच्ची प्रशा बोहरा आकर्षण का केंद बनी है।
छलिया कलाकारों ने ढोल दमाऊं व मशकबीन की धुन पर नृत्य कर कुमाऊंनी संस्कृति को जीवंत किया।शोभा यात्रा में कमेटी अध्यक्ष नरदेव शर्मा, सीके दास, सुरेश चौधरी, सुखमय मजूमदार, पीके शर्मा, दिनेश भट्ट, तृप्ति गुहा मजूमदार, मौमिता मजूमदार, सुमन साह, रश्मि शर्मा मुख्य रूप से शामिल रहे।