हल्द्वानी में भूमि विवाद में चौकी इंचार्ज के सामने झोंके फायर, चार घायल
सरस्वती विहार क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर फायरिंग हो गई। इसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद एसपी सिटी सीओ समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए हैं। फायरिंग के आरोपी फरार है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : आरटीओ चौकी क्षेत्र में जमीन के विवाद की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज के सामने दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े फायरिंग से पुलिस के साथ आसपास के लोगों में खलबली मच गई। गोली लगने से एक परिवार के चार लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फायरिंग की सूचना पर एसपी सिटी व सीओ ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सरस्वती विहार जयदेवपुर में 4500 स्क्वायर फीट जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना दावा करते आ रहे हैं। विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। साथ ही पुलिस विवादित जमीन पर 107/16 व 145 की कार्रवाई कर चुकी है। माटखेड़ा शादीनगर, बिलासपुर निवासी हरपाल सिंह का कहना है कि जमीन उसके नाम है। कुछ समय पहले वह जमीन बेचकर बिलासपुर चले गया था। आरोप है उसकी जमीन पर पड़ोसी शमशेर सिंह व उसके बेटों ने कब्जा कर छप्पर बनाकर किसी को बैठा दिया। सोमवार को हरपाल ने जमीन पर पहुंचकर छप्पर तोड़ दिया।
इसी बीच शमशेर सिंह व उसके बेटे, भतीजों ने जमीन के पास पहुंचकर लाइसेंसी दो नाली बंदूक व अवैध असलहो से ताबड़तोड़ फायरिंग की। हरपाल के बेटे सिमरन व भतीजे कर्मवीर सिंह का कहना है सूचना पर आरटीओ चौकी इंचार्ज कृष्णागिरी टीम के साथ पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद भी आरोपितों ने चार राउंड फायरिंग की। छर्रे लगने से दर्शन सिंह, हरपाल सिंह, लवली व साहिल घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
इधर, घटना की जानकारी के बाद एसपी सिटी हरबंस सिंह व सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले फायरिंग का मुख्य आरोपित फरार हो गया।