20 दिन से नहीं मिला पानी तो चोरगलिया में किसानों ने अफसरों को बनाया बंधक
चोरगलिया के किसानों को सिंचाई के लिए पानी के संकट से शुक्रवार शाम तक निजात मिल जाएगा।
संसू, चोरगलिया : चोरगलिया के किसानों को सिंचाई के लिए पानी के संकट से शुक्रवार शाम तक निजात मिल जाएगा। प्रशासन, वन विभाग व सिंचाई विभाग की संयुक्त कमेटी ने निरीक्षण के बाद नंधौर नदी में बांध निर्माण के लिए अनुमति दे दी है। इसके बाद सिंचाई विभाग ने बांध निर्माण का काम शुरू करवा दिया है।
सिंचाई विभाग नंधौर नदी में ट्रेंच वेयर का निर्माण करवा रहा है। इस दौरान पानी की आपूíत सुचारू रखने के लिए ट्रेंच वेयर स्थल से 100 मीटर नीचे अस्थायी बांध बनाया जा रहा था। इस बंधे से पानी रोककर चोरगलिया की नहरों को जलापूíत होनी है। वन विभाग के बांध निर्माण में मशीनों के प्रयोग के रोक लगाने से काम अटक गया है। इससे 20 दिन से अधिक समय से चोरगलिया की नहरों में पानी बंद है और फसलें सूखने लगी हैं। बुधवार को चोरगलिया के जनप्रतिनिधियों के साथ ही सिंचाई विभाग के अफसरों ने डीएम से मिलकर बांध निर्माण की अनुमति देने की गुहार लगाई थी। गुरुवार सुबह तक वन विभाग से बांध निर्माण की अनुमति नहीं मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधयों ने विधायक नवीन दुम्का से मुलाकात की। विधायक ने डीएम व डीएफओ से वार्ता कर समस्या का समाधान करने के लिए कहा। इस पर प्रशासन, वन विभाग, सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, जहां आक्रोशित किसानों ने उन्हें बंधक बना लिया। देर शाम किसानों की मांग और संयुक्त समिति की संस्तुति पर सिंचाई विभाग ने जेसीबी से बांध निर्माण का काम शुरू कराया, तब किसानों ने अफसरों को छोड़ा। अफसरों के मुताबिक गुरुवार शाम तक चोरगलिया की नहरों के लिए जलापूíत शुरू करने की कोशिश की जाएगी। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता तरूण बंसल, एसडीओ आनंद नेगी, आरओ शालिनी जोशी, वन विभाग के एसडीओ राजेश श्रीवास्तव, पान सिंह मेवाड़ी, ग्राम प्रधान नंदन बोरा, राजू जागी, कमल दुर्गापाल, हेम बजेठा, भुवन पोखरिया, नितेश बुधानी, दीपक आर्य आदि मौजूद रहे।