महापंचायत में भारत बंद को लेकर बनाई रणनीति, बोले-एमएसपी से कम दाम पर नहीं होगी धान खरीद
संयुक्त किसान मोर्चा के महापंचायत में इस बार धान खरीद को लेकर निर्णय लिया गया है कि किसी भी हाल में एमएसपी से कम दाम पर धान की खरीद नहीं होगी। इसके साथ ही सोमवार को भारत बंद को लेकर चर्चा हुई।
रुद्रपुर, जागरण संवाददाता : संयुक्त किसान मोर्चा के महापंचायत में इस बार धान खरीद को लेकर निर्णय लिया गया है कि किसी भी हाल में एमएसपी से कम दाम पर धान की खरीद नहीं होगी। इसके साथ ही सोमवार को भारत बंद को लेकर चर्चा हुई। किसानों को व्यापार संगठन सहित राजनीतिक दलों ने भी कृषि कानून के विरोध में भारत बंद को समर्थन दिया है। किसानों ने कहा है कि दो अक्टूबर को किसान शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
अनाज मंडी में संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वाधान में रविवार को महापंचायत हुई। इसमें तराई के सभी संगठनों ने भागीदारी की। ऑल इंडिया श्री गुरु सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरविंदर सिंह मारवाह ने कहा कि भारत बंद को सभी संगठन शांतिपूर्ण अपने-अपने क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन करेंगे और संयुक्त किसान मोर्चा को ताकतवर बनाएंगे।
आह्वान किया कि दो अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर जय जवान जय किसान नारा देने वाले प्रधानमंत्री के नारे के साथ किसानों की आवाज बुलंद करते हुए रुद्रपुर से किसान मैदान में सभी इकट्ठा होंगे। इसके बाद गाजीपुर किसान आंदोलन के लिए कूच करेंगे। यह रैली एक महारैली के रूप में होगी और किसान अपनी शक्ति से संयुक्त किसान मोर्चा को ताकतवर बनाएगा।
सरकार कहती है कि किसान आंदोलन कमजोर होता जा रहा है, रैली में दो अक्टूबर को किसान अपनी शक्ति दिखाएगा। किसानों विरोध में बने कानूनों को वापस कराने के लिए सरकार को विवश करेगा। इस मौके पर तराई किसान संगठन से तेजिंदर सिंह विर्क, भारतीय किसान यूनियन चढुनी से साहब सिंह, किसान सभा से जागीर सिंह, कांग्रेस पार्टी से प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तिलक राज बेहड़, अरुण पांडे, जगदीश तनेजा, सिख संगठन से संतोष सिंह रंधावा, रुद्रपुर से सरदार हरभजन सिंह, सरदार वीर सिंह, सलविंदर कलसी आदि मौजूद थे।