शादी समारोह में खाने के दौरान विवाद, घर लौट रहे परिवार को पीटा, महिलाओं संग की छेड़खानी
रामनगर में शादी समारोह में खाना खाने के दौरान दो पक्षों में धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ा तो लोगों ने समझा-बुझाकर तब मामला शांत करा दिया। लेकिन देर रात जब एक बजे वे लोग बाइक व टैंपो से लौटने लगे तो रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की गई।
रामनगर, जेएनएन : नैनीताल जिले के रामनगर में शादी समारोह में खाना खाने के दौरान दो पक्षों में धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ा तो लोगों ने समझा-बुझाकर तब मामला शांत करा दिया। लेकिन देर रात जब एक बजे वे लोग बाइक व टैंपो से लौटने लगे तो रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की गई। महिलाओं के साथ छेड़खानी का आराेप भी लगाया गया है।
ग्राम टेड़ा निवासी सुंदर सिंह, मनोज रावत अपने परिवार के साथ चैनपुरी गांव में एक विवाह समारोह में गए थे। विवाह समारोह में भोजन के स्टाल पर खाने को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने पर उनमें धकामुक्की हो गई। इससे समारोह में हड़कंप मच गया। लोगों ने उन्हें समझाकर अलग अलग किया। इसके बाद सुंदर व मनोज परिवार के साथ रात एक बजे टेंपो व बाइक से घर लौट रहे थे।
विवाद से भड़के चार लोगों ने गुमानपुरा चौराहे पर टेंपो रुकवा लिया। उन्होंने युवकों की हरकत का विरोध किया तो वह उन्हें टेंपो से उतारकर मारपीट करने लगे। आरोप है कि महिलाओं के साथ अंधेरे का लाभ उठाकर अश्लील हरकत की गई। तेज धार वाले लोहे के सामान से सुंदर सिंह व मनोज सिंह रावत पर जानलेवा हमला किया गया। जिससे उन्हें चोट भी आई है। महिलाओं के साथ हाथापाई व पहने हुए जेवरो पर छीना झपटी की गई। पुलिस को मामले में चार आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी गई है।