ए ग्रेड काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे, जानिए कैसे
काठगोदाम रेलवे स्टेशन ए ग्रेड के स्टेशनों की सूची में शमिल है लेकिन आज भी इस स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा की व्यवस्थाएं मौजूद नहीं हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : काठगोदाम रेलवे स्टेशन ए ग्रेड के स्टेशनों की सूची में शमिल है, लेकिन आज भी इस स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा की व्यवस्थाएं मौजूद नहीं हैं। यहां के प्रवेश द्वार पर न तो मेटल डिटेक्टर लगा है और न ही पूरे परिसर में कहीं सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। यह हाल तब है जब पिछले साल पूर्वोत्तर रेलवे ने इसे दूसरे सबसे व्यवस्थित स्टेशन का खिताब दिया था।
कुमाऊं में कई पर्यटन स्थल हैं और इन स्थानों पर जाने के लिए हर साल लाखों पर्यटक टे्रन से पहले काठगोदाम रेलवे स्टेशन ही आते हैं। इतने बडे पैमाने पर यात्रियों की आवाजाही के बाद भी रेलवे प्रबंधन इन यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को लेकर उदासीन बना हुआ है। ए ग्रेड के स्टेशन होने के बाद भी यहां के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर तक नहीं लगा है, जिस कारण कोई भी संदिग्ध व्यक्ति आराम से किसी भी प्रकार के समान को प्लेटफॉर्म तक ला सकता है। वहीं आरपीएफ के पास सुरक्षा संबंधित उपलब्ध उपकरणों में से आधे की स्थिति खराब हैं। इस स्टेशन पर चल रहीं गतिविधियों व संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे तक की व्यवस्था नहीं हैं, जिस कारण यदि परिसर में कोई घटना घटित हो जाए तो व्यक्ति की पहचान भी नहीं की जा सकती।
अधिकारियों दौरे के बाद भी स्थिति जस की तस
काठगोदाम स्टेशन पर आए दिन अधिकारियों का आना-जाना भी लगा रहता हैं। लेकिन आज तक किसी भी अधिकारी व आला अफसर की नजर स्टेशन से नदारद इन अहम जरूरतों पर नहीं गई।
जानिए क्या कहते हैं जिम्मेदार
चयन रॉय, काठगोदाम रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हम हमेशा अपने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ तत्पर रहते हैं। जहां तक कैमरों व मेटल डिटेक्टर की बात है तो इसकी वास्तविक जानकारी डीआरएम कार्यालय के पास ही मिल सकती है।