क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट की तैयारियों को लेकर डीएम ने ली बैठक nainital news
क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट पर शहर की पार्किग फुल होने के बाद पर्यटकों के वाहन रूसी बाइपास और नारायण नगर में पार्क होंगे।
नैनीताल, जेएनएन : क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट पर शहर की पार्किग फुल होने के बाद पर्यटकों के वाहन रूसी बाइपास और नारायण नगर में पार्क होंगे। वहां से शटल सेवा के माध्यम से पर्यटक शहर तक लाया जाएगा। शटल सेवा के संचालन को चार प्रीपेड बूथ स्थापित किए जाएंगे।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम सविन बंसल, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एमडी केएमवीएन रोहित मीणा ने पर्यटन से जुड़े टैक्सी एंड ट्रेवल्स एसोसिएशन व पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। तय हुआ कि पर्यटकों के लिए रूसी बाइपास में पार्किंग के साथ ही पानी, मोबाइल शौचालय, लाइट और टीन शेड का इंतजाम भी प्रशासन की ओर से किया गया है। बैठक में एसडीएम विनोद कुमार, एआरटीओ गुरुदेव सिंह, परिवहन कर अधिकारी कुलवंत सिंह चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, टैक्सी एसोसिएशन अध्यक्ष नीरज जोशी, तल्लीताल टैक्सी मालिक समिति अध्यक्ष पंकज तिवारी, कोषाध्यक्ष महफूज खान, ओमवीर सिंह, दर्शन भंडारी, हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
चार प्रीपेड बूथों से होगा शटल सेवा का संचालन
केएमवीएन एमडी रोहित मीणा ने बताया कि शटल सेवा के संचालन के लिए सूखाताल, तल्लीताल डांठ, रूसी बाइपास और नारायण नगर में चार प्रीपेड बूथ स्थापित किए जाएंगे। 20 दिसंबर से पांच जनवरी तक बूथों के संचालन के लिए टैक्सी यूनियन द्वारा करीब आठ लोगों को नियुक्त किया जाएगा। शटल सेवा के लिए लिए गाडि़यों की व्यवस्था टैक्सी एसोसिएशन को बूथों के पास रखनी होगी।
मेट्रोपोल पार्किंग खोली जाए
होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीएम सविन बंसल के साथ बैठक कर शहर में पार्किग सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। साथ ही मेट्रोपोल होटल पार्किग को चालू करने का सुझाव दिया। इस दौरान होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश लाल साह, व्यापार मंडल मल्लीताल के अध्यक्ष किशन सिंह नेगी, तल्लीताल के अध्यक्ष भुवन लाल साह, भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद बिष्ट, व्यवसायी रूचिर साह आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : मुनस्यारी जाने वाले उत्तर प्रदेश के पर्यटकों ने कार में बिताए 18 घंटे, बिस्कुट खाकर काटी रात
यह भी पढ़ें : रिटायर्ड रेंजर को ट्रांसफर के साथ दे दिया गया प्रमोशन, तराई पश्चिमी वन प्रभाग में तैनाती के आदेश जारी