पांच दिनों तक रास्ते में फंसे रहे कैलास यात्री बोले, भगवान शिव ने दिया साहस
कैलास मानसरोवर यात्रियों का तीसरा और चौथा दल दर्शन कर वापस दिल्ली लौट गया है। दिल्ली लौटने से पहले हल्द्वानी में उन्होंने अपना अनुभव साझा किया।
हल्द्वानी, [जेएनएन]: कैलास मानसरोनर यात्रा का तीसरा और चौथा दल दर्शन कर वापस दिल्ली लौट गया है। ये दोनों दल मौसम खराब होने के चलते रास्ते में ही रुके हुए थे। जिसके बाद मौसम के थोड़ा साफ होते ही यात्री सोमवार को हल्द्वानी लौट आए।
काठगोदाम स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम के अतिथि गृह में प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल, महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने यात्रियों का स्वागत किया। यात्रियों को केएमवीएन की ओर से कुमाऊं की संस्कृति, इतिहास, पर्यटन स्थल आदि के बारे में जानकारी देती किताब 'डिस्कवर कुमाऊं विद केएमवीएन' भेंट की गई। इससे पहले एमडी गर्ब्याल ने पुस्तक का विमोचन किया।
यात्रा पूरी कर वापस लौटे यात्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पांच दिन रास्ते में फंसने के दौरान भगवान शिव ने उन्हें साहस दिया। परिवार की तरह रह रहे यात्रियों ने एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया। वक्त गुजारने के लिए गूंजी में आइटीबीपी जवानों के साथ क्रिकेट खेला।
यात्रियों ने केएमवीएन की ओर से शुरू की गई होम स्टे योजना की सराहना की। साथ ही चीन की ओर से यात्रियों को दी जाने वालों सुविधाएं बढ़ाने की मांग भी सबके सामने रखी। वापस लौटे तीसरे दल में 59 और चौथे दल में 56 यात्री शामिल थे। वहीं, भोजन के बाद सभी यात्री दिल्ली वापस लौट गए।
यह भी पढ़ें: आदि कैलास यात्रा का प्रथम दल काठगोदाम से अल्मोड़ा हुआ रवाना
यह भी पढ़ें: यात्रा सीजन चरम पर, इस बार सर्वाधिक यात्री पहुंचे केदारनाथ