Makar Sankranti 2020 : श्रद्धालुओं ने घाटों पर लगाई आस्था की डुबकी, यथाशक्ति किया दान
मकर संक्रांति पर्व आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। कुमाऊं भर में नदियों किनारे बने घाटों पर घाटों पर आस्था का मेला लगा हुआ है।
नैनीताल, जेएनएन : मकर संक्रांति पर्व आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। कुमाऊं भर में नदियों किनारे बने घाटों पर घाटों पर आस्था का मेला लगा हुआ है। यहां आस्था की डुबकी लगाने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा हुआ है। कोई लेटकर आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहा तो कोई खिचड़ी का सामान दान कर रहा है। इस मौके पर अलग-अलग जगहों पर भंडारा लगाकर प्रसाद वितरित किया जा रहा है। कुमाऊं के सभी जिलों में घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
शारदा तट पर लगाई आस्था की डुबकी
खटीमा : खटीमा में श्रद्धालुओं ने लालकोठी स्थित सारदा तट पर स्नान किया और भगवान भास्कर को नमन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान शारदा तट पर विविध धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके अलावा यज्ञोपवीत व मुंडन संस्कार संपन्न कराने पहुँच रहे हैं। लाल कोठी में सुबह से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए हैं। लोगों ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद तिल-गुण और खिचड़ी का दान किया।
चंपावत में भी घाटों पर श्रद्धालुओं ने किया स्नान
चंपावत : चंपावत में लोहाघाट नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह ही श्रद्धालुओं ने पंचेश्वर, रामेश्वर, दरिया घाटी, विश्वेश्वर नदी के घाटों पर स्नान किया। लोगों ने घरों में पूजा अर्चना कर वर्षभर खुशहाली की कामना की। उमा देवी मंदिर में चढ़ावा चढ़ाया।
लोक गीतों का श्रोताओं ने उठाया लुत्फ
गरमपानी : कोसी घाटी के उत्तरायणी कौतिक महोत्सव में दर्शकों से खचाखच भरे परिसर में कुमाऊंनी लोक गायक व स्थानीय कलाकार खूब धमाल मचा रहे हैं। महोत्सव का लुफ्त उठाने दूरदराज के गांवों से खूब भीड़ उमड़ रही है। उत्तरवाहिनी शिप्रा व कोसी नदी के संगम तट पर स्थित आपूण बाजार परिसर में उत्तरायणी कौतिक महोत्सव में लोक कलाकारों ने धूम मचा दी है।
यह भी पढ़ें : नैनीताल में बलियानाला भूस्खलन से धंसी पहाड़ी पर कैसे बनेगी कृष्णापुर के लिए सड़क
यह भी पढ़ें : सौ साल पहले कुली बेगार प्रथा के विरोध में उत्तराखंड में हुई थी रक्तहीन क्रांति, जानिए