यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डिप्टी रेंजर त्रिलोक सिंह बिष्ट को मिला प्रथम एनके जोशी सम्मान, इन कामों के लिए सराहे गए
रामपुर रोड स्थित वानिकी प्रशिक्षण अकादमी में मंगलवार को चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र गोपेश्वर की ओर से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : रामपुर रोड स्थित वानिकी प्रशिक्षण अकादमी में मंगलवार को चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र गोपेश्वर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राज्य का पहला निर्मल कुमार जोशी सम्मान बद्रीनाथ डिवीजन की पूर्वी पिंडर रेंज में तैनात डिप्टी रेंजर त्रिलोक सिंह बिष्ट को दिया गया। नंदा देवी नेशनल पार्क, फूलों की घाटी, केदारनाथ कस्तूरी मृग अभयारण्य और नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान डिप्टी रेंजर के कामों को हमेशा सराहा गया।
चिपको आंदोलन के दौरान गठित समिति के अहम सदस्य के साथ निर्मल कुमार जोशी भारत सरकार में डीजी फारेस्ट के पद पर भी रहे। चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र गोपेश्वर की तरफ से स्व. एनके जोशी की स्मृति में पहली बार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। एफटीआइ में स्व. एनके जोशी की पत्नी आशा जोशी ने त्रिलोक बिष्ट को सम्मानित किया। डिप्टी रेंजर ने अवैध घटनाओं में शामिल प्रभावशाली लोगों के साथ अफसरों पर भी कार्रवाई की।
यही वजह है कि सीएम ने भी उन्हें सम्मानित किया था। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त रेंजर हयात सिंह मेहरा, विकास केंद्र गोपेश्वर के प्रबंध न्यासी ओम प्रकाश भट्ट को भी सम्मान पत्र दिया गया। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रदी-केदार मंदिर समिति वीडी सिंह, निदेशक एफटीआइ आइपी सिंह, मंगला कोठियाल, आशा जोशी, पूर्व पीसीसीएफ आइडी पांडे, शेर सिंह राठौर, गौरव कुमार आदि मौजूद थे। संचालन विनय सेमवाल ने किया।
