dengue in haldwani : हल्द्वानी में नहीं कम हो रहा डेंगू का प्रकोप, आए दिन मिल रहे 60 से अधिक मरीज
हल्द्वानी में ड़ेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। प्रतिदिन औसतन साठ से अधिक मरीजोंं में डेंगू की पुष्टि हो रही है। सरकारी आंकड़े ही इसकी पुष्टि कर रहे हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : हल्द्वानी में ड़ेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। प्रतिदिन औसतन साठ से अधिक मरीजोंं में डेंगू की पुष्टि हो रही है। सरकारी आंकड़े ही इसकी पुष्टि कर रहे हैं। शनिवार को जारी एलाइजा रिपोर्ट में 68 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अब पंचायत ड्यूटी में जुट गए हैं। डेंगू से ध्यान हट गया है। नियंत्रण के लिए अपनाए जा रहे पुराने तरीके भी फेल हो गए हैं।
डेंगू नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग एक महीने से लगातार एक ही तरीके का इस्तेमाल कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जागरूकता अभियान चला रही है। फॉगिंग के अलावा कुछ जगह स्प्रे भी किया जा रहा है। इस गतिविधि का लंबा-चौड़ा आंकड़ा हो गया, लेकिन मरीजों की संख्या नियंत्रित होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। अब तक डेंगू से प्रभावित मरीजों की संख्या 1985 पहुंच गई है। इसमें से 1881 मरीज उपचार के बाद डिस्चार्ज हो गए हैं।
68 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि
104 मरीज अस्पतालों में भर्ती
1985 मरीज अब तक हो चुके हैं प्रभावित
रेडक्रॉस सोसायटी ने चलाया अभियान
स्वास्थ्य विभाग के साथ शनिवार को भी रेडक्रॉस सोसायटी की आपदा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने जागरूकता अभियान चलाया। संभावित लार्वा वाले स्थानों पर पेट्रोल छिड़का। इसमें समिति के अध्यक्ष नवनीत राणा, गोविंद किरोला, अमन शर्मा, ममन आही, नंदन कांडपाल, दयाल पांडेय, सूर्या उनियाल आदि शामिल रहे। इसमें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, डॉ. ऊषा जंगपांगी, डॉ. एसके सिंह आदि शामिल रहे।