गौला में उपखनिज निकाल रहे बिहार निवासी श्रमिक के ऊपर गिरा टिला, दर्दनाक मौत
खाली हो चुकी गौला में उपखनिज निकालने की जिद ने रविवार को एक मजदूर की जान ले ली। खदान में काम करते वक्त अचानक उसके उपर उपखनिज से भरी ढांग गिर गई।
हल्द्वानी, जेएनएन : खाली हो चुकी गौला में उपखनिज निकालने की जिद ने रविवार को एक मजदूर की जान ले ली। खदान में काम करते वक्त अचानक उसके ऊपर उपखनिज से भरी ढांग गिर गई। आनन-फानन में साथी श्रमिक उसे लेकर एसटीएच पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस व वन निगम को काफी देर तक घटना की जानकारी तक नहीं थी। मृतक मूल रूप से बिहार निवासी है। हादसे के बाद से बाकि मजदूर सदमे में है। उन्होंने पीडि़त के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
गौला में उपखनिज निकालने का काम बाहरी श्रमिक करते हैं। अधिकांश बिहार, बंगाल व झारखंड से यहां आते हैं। बुधवार दोपहर इंदिरानगर गेट अनिल महतो पुत्र विश्वनाथ महतो (45) निवासी लोकरिया जिला मोतीहारी, बिहार निवासी मजदूर ढांग से आरबीएम निकाल रहा था। उसके साथ में दस श्रमिक ओर काम कर रहे थे। खदान में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने बताया कि दोपहर साढ़े चार बजे वह अंतिम गाड़ी को भर रहे थे। इस बीच अनिल महतो ने गैंती से उपर की तरफ खुदाने का प्रयास किया तो अचानक टीले का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर उसके उपर गिर गया। यह देख आसपास खड़ेे मजदूरों में हड़कंप मच गया। उन्होंने फावड़े-बेलचे से मलबा उठाकर दबे मजदूर को बाहर निकाला। उसके बाद वह उसे लेकर गेट पहुंचे। जहां से टेंपो की मदद से एसटीएच लाया गया। अस्पताल की इमरजेंसी में मजदूर को देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। साथी श्रमिक रहमतउल्ला ने बताया कि अनिल के पांच बच्चे है। उसका परिवार गांव में रहता है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।