घर में मामूली कहासुनी के कारण द्वाराहाट से निकली महिला का शव भीमताल झील से बरामद
चार अगस्त की सुबह अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट से लापता महिला का शव गुरुवार सुबह भीमताल झील में उतराता मिला। पुलिस ने शव को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भीमताल, जेएनएन : चार अगस्त की सुबह अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट से लापता महिला का शव गुरुवार सुबह भीमताल झील से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह कुछ लोंगों को तिकोनिया से आगे झील में एक महिला का शव उतराता दिखा। जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकाला।
महिला की पहचान 28 वर्षीय कविता देवी पत्नी कृपाल दत्त जोशी निवासी ग्राम दरमाड़ द्वाराहट, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई। वहीं बुधवार को किसी स्थानीय व्यक्ति को झील के किनारे सुभाष पार्क के पास पर्स पड़ा दिखाई दिया। संबंधित व्यक्ति ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पर्स चेक किया तो उसमें उक्त महिला का एटीएम, उसका आधार कार्ड, उसके पति की फोटो और पांच साल की बेटी की फोटो मिली थी।
अनहोनी की आशंका के चलते भीमताल पुलिस ने जब मृतका के परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि महिला मामूली कहासुनी के चलते बीते मंगलवार को घर से कहीं चली गई है। उसकी गुमशुदगी की तहरीर राजस्व विभाग में दी गई है। पुलिस ने बुधवार शाम झील में सर्च अभियान भी चलाया था लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लगा।
वहीं सुबह महिला का शव झील में उतराता मिला। इधर थानाध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि पंचनामे की कार्यवाही के दौरान उसका पति कृपाल दत्त उसका भाई आदि पहुंच गए थे। कविता देवी की शादी सात साल पूर्व हुई थी। इस संबंध में में किसी ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।