विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हवन में शामिल थे दलित समाज के सदस्य, फिर छुआछूत का आरोप कैसे? आर्या ने कहा- हिंदुओं को बांट रही कांग्रेस

Published: Sat, 29 Aug 2026 11:09 PM (IST)

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली के बाद हुए शुद्धीकरण हवन में दलित समाज के सदस्य भी शामिल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस की रैली के बाद हुए शुद्धीकरण हवन में दलित समाज के युवक भी शामिल थे।

कांग्रेस का आरोप है कि रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हुए थे जो दलित समाज से आते हैं। इस वजह से ही भाजपा व आरएसएस के समर्थकों ने शुद्धीकरण हवन कराया। यह उनकी दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। खरगे ने यह मामला राज्यसभा में भी उठाया था।

वहीं, हवन कराने वाली संस्था श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास शनिवार को एक बार फिर सामने आई। संस्था के सदस्यों अंकित पाल व विनोद आर्या ने कहा कि वे दोनों दलित समुदाय से हैं।

ऐसे में यह आरोप लगाना कि खरगे दलित समुदाय से आते हैं, इस वजह से शुद्धीकरण हवन किया गया, गलत है। अंकित और विनोद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदुओं को बांटने के लिए झूठ फैला रही है।

रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई प्रेसवार्ता में अंकित पाल ने कहा कि अगर कांग्रेस यह दिखाना चाह रही है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ही दलित हैं तो ऐसा गलत है, क्योंकि मैं खुद दलित हूं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली के बाद रामलीला मैदान में की गई गंदगी साफ कर वहां हवन किया गया। किसी जाति और व्यक्ति के नाम का उच्चारण नहीं किया गया। न्यास के विनोद आर्या ने कहा कि शुद्धीकरण हवन के दौरान वहां पर सभी वर्गों के लोग उपस्थित थे। पूजन के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।

इधर, न्यास के अध्यक्ष गिरीश पांडे ने कहा कि रामलीला मैदान धार्मिक आस्था का केंद्र है। यहां आठ अगस्त को हुई कांग्रेस की शंखनाद रैली के दौरान लोगों के नारा-ए-तकबीर, अल्लाह-उ-अकबर जैसे नारे लगाए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके बाद न्यास के सदस्य मौके पर गए तो धार्मिक स्थल पर काफी गंदगी मिली।

लगातार दो दिन ऐसी स्थिति रहने पर 11 अगस्त को परिसर साफ कर वहां हवन-पूजन किया गया। यह बात उस दिन भी स्पष्ट की गई थी। हम लोगों ने रामलीला मैदान में हुई गंदगी की सफाई और हवन कर स्थल को पूजा योग्य बनाया था। किसी व्यक्ति के नाम या जाति का उल्लेख नहीं किया गया।

राहुल गांधी को बताया अपरिपक्व नेता

राहुल गांधी ने शुद्धीकरण मामले में एफआइआर दर्ज नहीं पर सवाल उठाए हैं, जिस पर न्यास के अध्यक्ष गिरीश पांडे ने कहा कि राहुल अपरिपक्व नेता हैं और उन्हें इस विषय की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के क्षेत्रीय नेता भी उनको इस मुद्दे पर गलत जानकारी दे रहे हैं।

यदि राहुल को यह पता लगे कि जो सवर्ण वहां उपस्थित थे, उन्होंने मंच पर झाड़ू, पोंछा लगाकर उसकी सफाई की और दलित समाज के बंधुओं ने हवन में आहुति देने का काम किया व प्रसाद बांटा तो शायद वो ऐसी मूर्खता नहीं करते।