गो तस्करों ने गाय काटी, अवशेष नाले में फेंके
गो तस्करो को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया। यही वजह है कि रामनगर में गो तस्करों ने फिर से गाय काट डाली।
संवाद सहयोगी, रामनगर: गो तस्करो को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया। यही वजह है कि रामनगर में सक्रिय गो तस्करों ने पुलिस को चुनौती देते हुए फिर से गाय काट डाली और उसके अवशेष नाले में फेंक दिए। इस घटना से हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। एक माह के भीतर यहां गोवध की यह तीसरी घटना है।
रविवार को भवानीपुर पंजाबी में गो तस्करों ने गाय काटकर उसके अवशेष नाले में फेंक दिए। सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में गाय के अवशेष देखे तो उनमें आक्रोश फैल गया। गाय कटने की सूचना से हिंदूवादी संगठन भड़क गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। इधर इस घटना से नाराज भाजपा व हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कुछ लोग जान बूझकर धार्मिक भावना भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। पहले भी दो बार गाय काटी जा चुकी है। पुलिस की नाक के नीचे एक के बाद एक घटनाएं हो रही हैं। कहा कि यदि यही हाल रहा तो हिंदूवादी संगठनों को आदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने गो तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश मेहरा, ग्राम प्रधान भुवनेश्वरी देवी, प्रकाश चंद्र, अंकुर शर्मा, हरिओम, भारत परासर आदि मौजूद रहे।
=========
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम व आइपीसी की धारा 188/269 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपित की तलाश की जा रही है।