अब प्रो. एमसी जोशी को संयोजक नियुक्त करने पर उठा विवाद, कुलपति से शिकायत
अभी तक कुमाऊं विवि पर कर्मियों के मामले में ही अनियमितता के आरोप लगते रहे हैं मगर अब नियमावली को दरकिनार कर विभाग में संयोजक की नियुक्ति का मामला सामने आया है। इस मामले में विवि प्रशासन बुरी तरह फंस गया है।
नैनीताल, जेएनएन : अभी तक कुमाऊं विवि पर कर्मियों के मामले में ही अनियमितता के आरोप लगते रहे हैं मगर अब नियमावली को दरकिनार कर विभाग में संयोजक की नियुक्ति का मामला सामने आया है। इस मामले में विवि प्रशासन बुरी तरह फंस गया है।
दरअसल अल्मोड़ा विवि बनने के बाद अब विभागाध्यक्ष की नियुक्तियां डीएसबी व भीमताल परिसर से होनी शुरू हुई हैं। विवाद गणित विभागाध्यक्ष पद पर प्रो. आशा श्रीवास्तव की नियुक्ति से शुरू हुआ। विभाग के प्रो एमसी जोशी ने वरिष्ठता को दरकिनार करने का आरोप लगाते हुए कुलपति प्रो एनके जोशी को प्रत्यावेदन दिया। कार्यपरिषद सदस्यों ने भी प्रो. जोशी का साथ दिया। इसके बाद विवि ने आननफानन में प्रो. जोशी को संयोजक नियुक्त कर दिया। अब प्रो. आशा ने इस नियुक्ति के खिलाफ कुलपति को प्रत्यावेदन दिया है।
उनका कहना है कि जब संयोजक का पद है ही नहीं तो नियुक्ति कैसे कर दी गई। प्रो आशा के अनुसार संयोजक की व्यवस्था एक से अधिक परिसरों के लिए होती है। कुमाऊं विवि में तो डीएसबी परिसर ही है। उन्होंने प्रो जोशी की नियुक्ति रद करने के साथ ही प्रो जोशी के संयोजकत्व में गणित विभाग के वॉक इन इंटरव्यू को भी निरस्त करने की मांग की है। साथ ही कुलाधिपति तक शिकायत करने की चेतावनी दी है।