क्रशर संचालकों की हड़ताल का नहीं निकला समाधान, आज फिर सीएम से मिलेंगे नैनीताल के विधायक से
क्रशर स्वामियों की हड़ताल का अभी कोई समाधान नहीं हो पाया है। इस मुद्दे को लेकर देहरादून गए जनपद के तीन विधायकों की मुख्यमंत्री से वार्ता किसी ठोस नतीजे पर नही पहुंच सकी है।
लालकुआं, जेएनएन : क्रशर स्वामियों की हड़ताल का अभी कोई समाधान नहीं हो पाया है। इस मुद्दे को लेकर देहरादून गए जनपद के तीन विधायकों की मुख्यमंत्री से वार्ता किसी ठोस नतीजे पर नही पहुंच सकी है। बताया जा रहा है कि अब मंगलवार को विधायक फिर इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से वार्ता कर क्रशर स्वामियों की समस्याओं के निदान की मांग करेंगे।
हल्द्वानी-लालकुआं के मध्य बरेली रोड व रामपुर रोड के करीब दो दर्जन क्रशर स्वामियों ने जिला प्रशासन पर उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए पांच अक्टूबर से अनिश्चितकाल हड़ताल शुरू कर दी है। क्रशर स्वामियों का कहना है कि गत वर्ष गौला से उपखनिज में काफी मात्रा में मिट्टी भी आई है। उपखनिज के साथ मिट्टी आने से उन्हें नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन द्वारा की जा रही छापामारी में उपखनिज की मात्रा कम मिलने पर क्रशरों पर मनमाने तरीके से भारी भरकम जुर्माना लगाया जा रहा है।
क्रशर संचालकों का कहना है कि जिला प्रशासन क्विंटल के हिसाब से खरीदे गए उपखनिज की नपाई फीते से कर मनमाने तरीके से क्रशरों पर भारी भरकम जुर्माना लगा देता है, जो कि सरासर अन्याय है। दीपावली से ठीक पहले क्रशरों संचालकों की हड़ताल के चलते इन क्रशरों में काम करने वाले हजारों कर्मचारी व श्रमिक बेरोजगार हो गए। उन्होंने तीन दिन पूर्व क्रशरों को खुलवाने के लिए स्थानीय विधायक नवीन दुम्का के आवास का घेराव कर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा था। इस बीच क्रशरों के बंद होने से बाजार में मंदी तथा सरकारी व निजी निर्माण कार्यो में रुकावट के चलते जनप्रतिनिधियों में भी क्रशर खुलवाने का चौतरफा दबाव बढऩे लगा है।
इसे लेकर सोमवार को लालकुआं के विधायक नवीन दुम्का, कालाढूंगी के बंशीधर भगत तथा रामनगर के विधायक दीवान सिंह बिष्ट के साथ ही भाजपा नेता तरुण बंसल ने देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर उन्हें क्रशर स्वामियों की समस्याओं से अवगत कराया। बताया गया है कि पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक के कारण मुख्यमंत्री विधायकों को ज्यादा समय नही दे पाए, जिस कारण वार्ता का कोई नतीजा नही निकल सका है। अब मंगलवार को तीनों विधायक एकबार फिर मुख्यमंत्री से वार्ता कर क्रशर संचालकों की समस्याओं के समाधान की मांग करेंगे।
नवीन दुम्का, विधायक लालकुआं ने बताया कि पहले चरण की वार्ता हो चुकी है। मंगलवार को एकबार फिर मुख्यमंत्री से वार्ता कर क्रशर स्वामियों की मांगों को रखा जाएगा। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री अवश्य समस्या का निस्तारण करेंगे।