विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म: उत्तराखंड में फूटा गुस्सा, कई शहरों में प्रदर्शन और पुतला दहन

Published: Thu, 07 May 2026 02:54 PM (IST)

चंपावत में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में उत्तराखंड के देहरादून, श्रीनगर और बागेश्वर सहित कई शहरों में प्रदर्शन हुए।

बागेश्वर में  उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। जागरण

बागेश्वर में उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। चंपावत में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना व प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध के विरोध में गुरुवार को उत्तराखंड के कई शहरों प्रदर्शन हुए। राजधानी देहरादून के लैंसडौन चौक के पास सुराज सेवा दल कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

यमुना कॉलोनी तिराहा के पास कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

चंपावत दुष्कर्म मामले को लेकर श्रीनगर में प्रदर्शन

श्रीनगर गढ़वाल: चंपावत में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले को लेकर श्रीनगर में स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गुरुवार को पीपलचौरी के समीप एकत्र हुए लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों को फांसी की सजा देने तथा प्रदेश में लगातार बढ़ रही महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।

इस दौरान पीपलचौरी से गोला पार्क तक आक्रोश रैली भी निकाली गई। रैली में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई। यह रैली जस्टिस फॉर अंकिता भंडारी कमेटी के बैनर तले आयोजित की गई।

गोला पार्क में आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं देवभूमि की छवि को धूमिल कर रही हैं। प्रदर्शन में सरस्वती देवी, मुकेश सेमवाल, मोनिका, प्रिया, दीप्ति देवी, लक्ष्मी भट्ट, सीमा, ओमकार, बीना सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सीएम का पुतला फूंका

बागेश्वर : चंपावत में पूर्व भाजपा ब्लाक मंडल अध्यक्ष एवं उसके साथियों पर नाबालिग युवती से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। कहा कि आरोपितों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन तेज करेंगे।

गुरुवार को यूथ कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार एवं पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। यहां प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष परिहार ने कहा कि भाजपा शासन में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं तथा महिलाओं के विरुद्ध घटनाएं चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपितों के विरुद्ध जल्द कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो यूथ कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी।

पूर्व विधायक फर्स्वाण ने कहा कि नाबालिग के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक तथा मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों के विरुद्ध कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है। कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, कमलेश गढ़िया, राहुल बाराकोटी, गौरव परिहार, कैलाश नाथ, उम्मेद गढ़िया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- चंपावत सामूहिक दुष्कर्म: लोगों में गुस्सा, कोतवाली बना अखाड़ा; जमकर चले लात-घूसे

यह भी पढ़ें- चंपावत सामूहिक दुष्कर्म: बेटी के बुजुर्ग पिता का दर्द, बोले- 'दरिंदों का खून पीने से मिलेगा सुकून'

यह भी पढ़ें- चंपावत में 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपित गिरफ्तार