यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तमिलनाडु के निगलपट्टी पहुंची चम्पावत पुलिस, मृतक का शव और उसके लापता भाई की करेगी तलाश
तमिलनाडु में करीब 10 साल से नौकरी कर रहे युवक की 26 अक्तूबर को संदिग्ध हालात में मौत हो गई ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चम्पावत : पाटी विकास खंड के एक युवक की तमिलनाडु में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और शव लेने गए उसके भाई के लापता होने के मामले की जांच करने चम्पावत पुलिस एसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर तमिलनाडु पहुंच गई है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के बाद अगले दो से तीन दिन में घटना का पूरा पता लगा लिया जाएगा।
तमिलनाडु में करीब 10 साल से नौकरी कर रहे युवक की 26 अक्तूबर को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृतक का शव लेने गया उसका दूसरा भाई विपिन शर्मा भी तमिलनाडु के निगलपट्टी जिले से लापता हो गया है। पांच दिन से उसका कोई सुराग नहीं लगा है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा है। लापता युवक के भाई द्वारा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मामले की जांच के लिए मंगलवार की शाम तमिलनाडु पहुंच गई है। पाटी ब्लॉक के देवीधुरा के बनोली गांव निवासी प्रमोद चंद्र शर्मा पिछले दस साल से तमिलनाडु के निगलपट्टी जिले में नौकरी करते थे। परिजनों को 26 अक्टूबर को उनकी मौत की सूचना मिली।
प्रमोद का शव लेने तमिलनाडु पहुंचे मृतक के भाई विपिन शर्मा का भी पांच दिन से पता नहीं है। उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ है। इससे परिवार के लोगों में दोहरी अनहोनी की आशंका घर कर गई है। गुरुग्राम हरियाणा में काम करने वाले मृतक के बड़े भाई पानदेव शर्मा ने 31 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम हरीश रावत, जागेश्वर के विधायक गोविंद कुंजवाल से मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने प्रमोद की मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही गायब हुए दूसरे भाई विपिन की ढूंढखोज करने की मार्मिक अपील की थी।
इंटरनेट मीडिया के जरिए ही यह मामला पुलिस महानिदेशक, डीआईजी व एसपी तक पहुंचा। चम्पावत के एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि तमिलनाडु के पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में बात हुई है। निगलपट्टी पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से प्रमोद चंद्र शर्मा की मौत दुर्घटना से होना पाई गई है। एसपी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश के लिए एसओजी के अधिकारी गोविंद बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम मृतक के सबसे बड़े भाई पानदेव शर्मा को साथ लेकर तमिलनाडु गई है। मंगलवार की शाम टीम निगलपट्टी पहुंच भी गई है। अगले दो से तीन दिन में स्थिति साफ हो जाएगी।
