नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की
जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव भक्ति भाव से मनाया गया। मंदिरों में भगवान की अद्भुत झांकियां सजाई गई थीं।
हल्द्वानी, [जेएनएन]: जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव भक्ति भाव से मनाया गया। मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गई। जैसे ही घड़ी की सुइयां रात्रि के बारह बजे के करीब पहुंची मंदिरों में कान्हा की किलकारियां गूंजने लगी। नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की.आज गाओ रे बधाई जन्में है कन्हाई भजन गाकर भक्तों ने लड्डू गोपाल का स्वागत किया।
माखन मिश्री के प्रसाद के साथ छप्पन प्रकार के मिठाई का भोग लगाया गया। देर रात तक भक्त भगवान के भजनों पर झूमते रहे। प्राचीन श्री रामंचद्र मंदिर में आकर्षक झांकियां सजाई गई। गोपियों के साथ रास रचाते कन्हा, माखन चुराते और यमुना पार करते वासुदेव की झांकी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। इस मौके पर मंदिर के महंत विवेक शर्मा, खुशी जोशी, प्रभाकर जोशी, नीरज मिश्रा ने मनमोहक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
रात्रि बारह बजे भगवान कृष्ण की जन्मोत्सव महाआरती उतारी गई। श्री लटूरिया महाराज आश्रम में राधा-कृष्ण का भव्य स्वरूप सजाया गया। देर शाम से शुरू हुआ भक्तों के आने का सिलसिला मध्यरात्रि तक जारी रहा। वृंदावन से पधारे भजन गायक भारत भूषण महाराज, शंभू महाराज, किशन, रोहित शर्मा ने बजाओ राधा नाम की ताली, सबके संकट हरने वाली, वो बरसाने वाली, करुणा रस बरसाने वाली भजन के जरिये भगवान की लीलाओं का गुणगान किया। राधाकृष्ण की झांकी प्रदर्शित की गई।
पूजन के साथ ही भक्तों ने आश्रम में स्थित बजरंग गुफा के दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से राधा और कृष्ण बनकर आए बच्चों को पुरस्कार दिए गए। भक्तों को माखन मिश्री व फल प्रसाद वितरित किया गया। कालाढूंगी रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में जन्माष्टमी पर कृष्ण लीलाओं पर आधारित भव्य झांकियां सजाई गई। भगवान के दर्शन कर भक्तों ने धूप, दीप, पुष्प व फल अर्पण कर पूजन किया। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में भक्त आयोजन स्थल पर डटे रहे। इसके अलावा पटेलचौक मंदिर, बरेली रोड लक्ष्मी नारायण मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ ही झांकियां सजाई गई।
बच्चों ने फोड़ी दही से भरी भटकी
हल्द्वानी: राष्ट्रीयस्वयं सेवक संघ हल्द्वानी शाखा की ओर से बाल स्वयंसेवकों की दही हंडी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तल्ली बमौरी में आयोजित प्रतियोगिता में जूनियर व सीनियर वर्ग के 240 बाल स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। जिसमें कक्षा पांच से आठ तक के बच्चों का जूनियर व नौ से कक्षा बारह तक के छात्रों का सीनियर वर्ग बनाया गया। जूनियर वर्ग में केशव शाखा और सीनियर वर्ग में श्री राम शाखा विजेता बने। मुख्य अतिथि डॉ. बहादुर सिंह बिष्ट, आरएसएस के नगर प्रचारक नरेंद्र ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
यह भी पढ़ें: इस शख्स ने चौलाई के लड्डू को बदरीनाथ में दी खास पहचान
यह भी पढ़ें: केदारनाथ में रातभर चला अन्नकूट मेला, नए अनाज से किया बाबा का श्रृंगार
यह भी पढ़ें: जन्माष्टमी पर बन रहा है ये विशेष योग, शुभ कार्य का मिलेगा तीन गुना लाभ