उल्लास से मनाया रंगोत्सव, अबीर-गुलाल से रंगा तन-मन
आपसी सौहार्द व एकता के रंग का त्योहार शहर भर में हर्षोल्लास से मनाया गया। अबीर-गुलाल के साथ लोगों ने प्राकृतिक रंग व फूलों से जमकर होली खेली।
हल्द्वानी, जेएनएन : आपसी सौहार्द व एकता के रंग का त्योहार शहर भर में हर्षोल्लास से मनाया गया। अबीर-गुलाल के साथ लोगों ने प्राकृतिक रंग व फूलों से जमकर होली खेली। सुबह आठ बजे से होल्यारों की टोली गली-मोहल्लों में नजर आने लगी। दिन चढऩे के साथ लोग रंग में रंगते गए। बड़ों के साथ ही बच्चों ने एक-दूसरे को खूब रंग लगाया। बच्चों ने सूखे रंगों से होली खेलने के साथ ही पानी के गुब्बारे, पिचकारी व गीले रंगों से जमकर होली खेली। दोपहर तक होली का खुमार अपन चरम पर पहुंच गया।
प्रमुख सड़कों पर सन्नाट पसरा रहा, लेकिन गली-मोहल्ले होल्यारों की भीड़ से गुलजार रहे। राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के आवास पर भी होली खेलने वालों की भीड़ जुटी। विधायक बंशीधर भगत, मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने पार्टी कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों के साथ होली मनाई।
रंगोत्सव में नन्हें उस्तादों ने दिखाया डांस धमाल
नन्हें उस्तादों का डांस धमाल देखकर बड़ों ने भी दांतों तले अंगुली दबा ली। बाल कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत से लेकर हिपहॉप और फिल्मी गीतों पर नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। मौका था रामलीला मैदान में श्री अग्रवाल सभा के होली मिलन व संगीत संध्या कार्यक्रम का।
गुरुवार को रंगोत्सव मनाने के बाद संगीत संध्या का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक रामलीला मैदान पहुंचे। यश डांस गु्रप, सुजाता नृत्यालय, नुपुर नृत्य कला केंद्र, नटराज, मंथन स्कूल व सौरभ फत्र्याल गु्रप के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कुमाऊंनी गीतों के साथ बॉलीवुड गानों के रिमिक्स ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुजाता महेश्वरी के निर्देशन में बाबू भाई के स्वयंवर डांस को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत, नवीन दुम्का, जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह दरम्वाल मौजूद रहे। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, महामंत्री आशुतोष अग्रवाल, युवा अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, भगवान सहाय, दीपक अग्रवाल, अभिषेक गर्ग, विनीत अग्रवाल, महिला समिति की प्रिया गुप्ता, द्रोपदी गोयल सहित संस्था से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : रंगों के पर्व ने पहाड़ के समाज को एक सूत्र में पिरोया, गुड़ बांटने की है अनूठी परंपरा