'आर्यभट्ट गणित चैलेंज' से सीबीएसई करेगा बच्चों की क्षमता का मूल्यांकन nainital news
सीबीएसई अब आर्यभट्ट गणित चैलेंज के माध्यम से बच्चों के गणित सीखने की क्षमता का मूल्यांकन करेगा। विषय में बच्चों की कितनी रुचि है इसकी जांच दो चरणों में होगी।
हल्द्वानी, भानु जोशी : सीबीएसई अब 'आर्यभट्ट गणित चैलेंज' के माध्यम से बच्चों के गणित सीखने की क्षमता का मूल्यांकन करेगा। विषय में बच्चों की कितनी रुचि है, इसकी जांच दो चरणों में होगी। पहले चरण में स्कूल स्तर पर टेस्ट होगा। प्रत्येक स्कूल के तीन टॉपर दूसरे चरण में 29 नवंबर को ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट देंगे। प्रत्येक रीजन के 100 टॉपरों को सीबीएसई की ओर से मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
प्राचीन भारत के महान गणितज्ञ आर्यभट्ट के नाम से सीबीएसई ने 'आर्यभट्ट गणित चैलेंज' कराने का मन बनाया है। बकायदा इसके लिए अपनी वेबसाइट पर चरणबद्ध जानकारी उपलब्ध कराई है। गणित चैलेंज में केवल कक्षा आठ से दसवीं तक के बच्चे भाग ले सकते हैं। पहले चरण में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों को बोर्ड द्वारा दिए गए लिंक पर 15 नवंबर से पहले आवेदन करना होगा, जो निश्शुल्क है। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बोर्ड की ओर से 18 से 22 नवंबर तक स्कूलों को लिंक के माध्यम से प्रश्नपत्र व आंसर-की उपलब्ध कराई जाएगी। स्कूलों को इन प्रश्नपत्रों के आधार पर टेस्ट लेना होगा, जिसके बाद टॉप थ्री छात्र चुनकर 18 से 25 नवंबर तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से उनका पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए 900 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, दूसरे चरण में प्रत्येक स्कूल के टॉप थ्री छात्रों का 29 नवंबर को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा।
60 अंक का होगा टेस्ट
सीबीएसई की ओर से तीन बिंदुओं को मूल्यांकन का आधार बनाया गया है, जिनमें दैनिक जीवन में गणित का अनुप्रयोग, गणित सीखने का आनंद व गणितीय क्षमता शामिल है। प्रत्येक बिंदु के आधार पर वैकल्पिक प्रश्न होंगे। हर बिंदु से 20 अंकों के प्रश्न जुड़े होंगे।