बारिश से रोडवेज बस के ब्रेक फेल, चालक ने सूझबूझ 15 यात्रियों की जिंदगी NAINITAL NEWS
बारिश के चलते सराईखेत से रामनगर आ रही रोडवेज बस का रास्ते में ब्रेक फेल हो गया लेकिन चालक की सूझबूझ से 15 यात्रियों की जान बच गई।
रामनगर, जेएनएन : बारिश के चलते सराईखेत से रामनगर आ रही रोडवेज बस का रास्ते में ब्रेक फेल हो गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से 15 यात्रियों की जान बच गई। अनियंत्रित हुई बस को चालक ने पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
रामनगर डिपो की बस (यूके 07 टीए 3227) शुक्रवार सुबह सराईखेत से वाया रामनगर होते हुए दिल्ली जा रही थी। बस में 15 यात्री सवार थे। मरचूला के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक विजय सिंह ने बस को रोकने का प्रयास किया। लेकिन बस नहीं रुकने पर उसके हाथ-पांव फू ल गए। एक तरफ खाई होने पर चालक ने बस को सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। अचानक बस के पहाड़ी से टकराने की आवाज से यात्री भी कुछ समझ नहीं पाए। इसके बाद चालक ने यात्रियों को जानकारी दी। हादसे के बाद बस का अगला शीशा टूटने के साथ ही साइड का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सकुशल होने पर यात्रियों ने चालक की सराहना की। इसके बाद किसी तहर ब्रेक सही कर बस रामनगर पहुंची तो उसे आगे की यात्रा के लिए निरस्त कर दिया गया। उसमें सवार यात्रियों को दूसरी बस से दिल्ली भेजा गया। डिपो प्रभारी नवीन आर्य ने बताया कि बारिश की वजह से ब्रेक नहीं लगे, जिससे वह फेल हो गया। घटना में किसी को कोई चोट नही आई। केवल बस को नुकसान हुआ है।